Weather Update: गर्मी से बेहाल लोग, कई शहरों में बढ़ा पारा; जानिए दिल्ली, UP में कब पहुंचेगा मानसून
Weather Update: बारिश की उम्मीद कर रहे कई शहरों में अचानक से पारा बढ़ गया है। आइए जानते हैं मौसम विभाग का लेटेस्ट अपडेट क्या है।

Weather Update: देशभर में कहीं गर्मी तो कहीं बारिश का दौर जारी है। जहां दक्षिणी भारत में झमाझम बारिश हो रही है वहीं उत्तर भारत में रुला देने वाली गर्मी से लोग बेहद परेशान हैं। गर्मी झेल रहे राज्य बेसब्री से मानसून का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने गर्मी झेल रहे उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए नया वेदर अपडेट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल उत्तर भारत के कुछ राज्यों को गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश के लिए आईएमडी ने लू का रेड अलर्ट जारी किया है। यूपी में 15 जून तक लू की स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा 13 जून से 14 जून तक बिहार, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भीषण लू चल सकती है। इसलिए यहां रहने वाले लोगों को घर से बाहर निकलते समय ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौमस विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, ओडिशा और बिहार में रहने वाले लोगों फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। ऐसे में हर कोई मानसून पर आंख टिकाए हुए है। आइए जानते हैं कि दिल्ली में मानसून कब तक दस्तक दे सकता है।
दिल्ली में मानसून कब?
मानसून की दस्तक से पहले ही देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ने से लोगों की हालत खराब है। ऐसे में मानसून की बात की जाए तो दिल्ली में 27 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है। मानसून से पहले दिल्लीवालों को हल्की फुल्की बारिश के कारण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि यहां मानसून तय समय से पहले या बाद में भी आ सकता है।
Advertisement
इन राज्यों में मानसून कब?
दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां मानसून 24 से 25 जून के आस-पास पहुंच सकता है। इसके अलावा, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में मानसून 15 जून तक दस्तक दे सकता है। वहीं, राजस्थान में 5 जुलाई तक मानसून के पहुंचने की उम्मीद है। जबकि महाराष्ट्र में 10-11 जून से मानसून की छटा देखने को मिल सकती है।
इन राज्यों में कैसा है मौसम?
स्कइमेट वेदर के अनुसार, महाराष्ट्र, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में अगले 24 घंटों के भीतर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।