Weather: दिल्ली-NCR समेत 12 राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी का अलर्ट, जानें IMD का ताजा अपडेट
मौसम विभाग ने 2 अगस्त को दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट। कई जगह बहुत भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है, जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम?
- भारत
- 2 min read

IMD Weather Forecast: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के आसपास बने दबाव क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर भारत से लेकर पूर्वी क्षेत्रों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी है।
IMD के मुताबिक, आज पूर्व उत्तर प्रदेश, हरियाणा-दिल्ली, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और झारखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश-आंधी का असर दिख सकता है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहा मौसम?
दिल्ली में आज आसमान ज्यादातर बादलों से घिरा रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश के छिटपुट दौर आ सकते हैं। अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25-27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार सामान्य रहेगी।
यूपी, बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी जिलों में बारिश की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री के आसपास रह सकता है। बिहार के पटना समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है।
Advertisement
जम्मू-कश्मीर में आज मौसम कैसा रहेगा
जम्मू, पूंछ, कुलगाम, पुलवामा, उधमपुर, कठुआ, अनंतनाग, कुपवाड़ा और गांदरबल में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चलेगी। वहीं, श्रीनगर में आज यानी 2 अगस्त को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
तेज हवाओं की गति ज्यादातर 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। किसानों को सलाह दी गई है कि फसलों की सुरक्षा का ध्यान रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें। आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।