Weather Report: दिल्ली, यूपी और राजस्थान के लिए मॉनसून की गुड न्यूज, अगले 5 दिन तेज आंधी-बारिश का अलर्ट
Weather Report:भीषण गर्मी से परेशान उत्तर भारत के लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश को तरबतर करने के बाद अब मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। IMD के अनुसार, अगले 24 घंटे के भीतर मॉनसून दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत पूरे उत्तर भारत को पूरी तरह कवर कर लेगा।
- भारत
- 2 min read

दिल्ली-एनसीआर में बादलों ने डेरा जमा लिया है। मॉनसून के आने से पहले ही आज भी बारिश की पूरी संभावना है। IMD के मुताबिक, दिल्ली में अगले पांच दिनों यानी 6 जुलाई तक तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्लीवालों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि मॉनसून बस पहुंचने ही वाला है।
दूसरी तरफ, मुंबई और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट है। एहतियात के तौर पर मुंबई के पालघर समेत कुछ इलाकों में स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।
राज्यों में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के राज्यों में मौसम ऐसा रहेगा।
दिल्ली में 2 से 7 जुलाई तक लगातार बरसात की संभावना है। उत्तराखंड में 2 जुलाई और फिर 4 से 7 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में 3 और 7 जुलाई को जोरदार बारिश के आसार हैं। पंजाब में 2 से 4 जुलाई और फिर 6-7 जुलाई को पानी बरसेगा। हरियाणा और पश्चिमी यूपी में 5 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होगी। पूर्वांचल (पूर्वी यूपी) में 2-3 जुलाई और फिर 6-7 जुलाई को बारिश की उम्मीद है।
दिल्ली में मॉनसून का इंतजार खत्म
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह आज या कल में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों में दस्तक दे सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले 5-6 दिनों तक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होगी। इसके अलावा, गुजरात, कोंकण, कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी 5 जुलाई तक भारी बारिश के संकेत हैं।
Advertisement
राजस्थान में धूल भरी आंधी और बिजली का खतरा
राजस्थान के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पूर्वी राजस्थान में 3 और 4 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 3 से 5 जुलाई के बीच धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी-तूफान के साथ बिजली भी गिर सकती है, इसलिए लोग सतर्क रहें।