Weather: दिल्ली-NCR में छाया घना कोहरा, विजिबिलिटी कम, ट्रेन प्रभावित... यूपी से लेकर हिमाचल तक ठंड की मार जारी, जानें कब मिलेगी राहत
दिल्ली-NCR में घना कोहरा छाया हुआ है जिससे विजिबिलिटी एकदम कम हो गई है। लोगों को गाड़ी चलाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ कहा है। यूपी से लेकर हिमाचल और बिहार में कुछ दिन ऐसी ही ठंड की मार झेलनी होगी। IMD ने बताया कब मिलेगी राहत?
- भारत
- 4 min read

\Weather Update : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR इस वक्त घने कोहरे, ठंड और जहरीली हवा के चपेट में है। सुबह के वक्त कोहरे की मोटी परत छाई रहती है, जिससे कुछ मीटर की दूरी पर देखना भी मुश्किल हो जाता है। कई इलाकों में हवा जहरीली बनी हुई है। जिससे सांस लेने में दिक्कत हो रही है और स्वास्थ्य जोखिम बढ़ गए हैं।
IMD के मुताबिक, मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ आज यानी 18 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके बाद, 19 और 21 जनवरी को दो पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं। जिससे मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
दिल्ली के मोती बाग इलाके से वायरल हो रहे वीडियो में स्मॉग की घनी परत साफ नजर आ रही है। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि, दिल्ली के लोगों को यातायात में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि सुबह के वक्त रास्ते पर कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा। घने कोहरे ने दिल्ली-NCR में विजिबिलिटी को बुरी तरह प्रभावित किया है। आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर कोहरे की वजह से ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कई ट्रेनें घंटों लेट हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।
धीरे-धीरे वाहन चलाने की सलाह
बारापुला फ्लाईओवर और सराय काले खान इलाके में भी विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई है। वीडियो में वाहन धीरे-धीरे चलते नजर आ रहे हैं। फ्लाईओवर पर कोहरे की वजह से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। सड़क परिवहन मंत्रालय ने चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कोहरा सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में कोहरे और ठंड के बीच श्रद्धालुओं ने मौनी अमावस्या पर सरयू नदी में पवित्र स्नान किया। ठंडी हवाओं के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। उत्तर भारत में यह मौसम पैटर्न अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
Advertisement
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में दोपहर के वक्त धूप निकलने से ठंड से कुछ देर राहत जरूर मिलती है लेकिन शाम होते होते तापमान गिरने लगता है। IMD के मुताबिक, अनुसार रविवार को आंशिक बादल रह सकते हैं। कुछ जगहों पर मध्यम और कुछ जगहों पर घना कोहरा रह सकता है। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक रह सकता है। 19 और 20 जनवरी को भी मौसम इसी तरह का बना रह सकता है। आंशिक बादल रहेंगे। सुबह के समय मध्यम कोहरा रह सकता है। इसके बाद 21 से 23 जनवरी तक आंशिक बदल रहेंगे। हल्के से मध्यम कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 18 से 22 दिखे और न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री तक रह सकता है।
यूपी से लेकर हिमाचल तक भीषण ठंड
उत्तर भारत में भी बर्फीली हवाओं के कारण फिर से ठंड बढ़ी है, दिन के समय में भी शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। हालांकि तेज धूप की वजह से दिन में कुछ राहत जरूर मिल रही है लेकिन शाम होते ही गलन की वजह से ठिठुरन बढ़ जाती है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में शीतलहर बनी रहने की संभावना व्यक्त की है। नोएडा में भीषण ठंड को देखते हुए 19 जनवरी तक 8वीं कक्षा तक के स्कूलों को बंद किया गया है। IMD ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तराखंड, हिमाचल में हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। हालांकि दोनों ही राज्यों में ठंड का सितम जारी रहेगा। वहीं सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। कुल मिलाकर उत्तर भारत में शीत लहर अभी जारी रहेगी। IMD के डेटा के आधार पर, आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है।