Weather: दिल्ली-NCR में ठंड से राहत, उत्तर भारत में मौसम लेगा करवट; इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी
दिल्ली-NCR में ठंड से राहत के संकेत मिल रहे हैं। क्योंकि न्यूनतम तापमान भी 12 डिग्री तक पहुंच गया है। IMD ने कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है।
- भारत
- 2 min read

Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम आज सुहावना बना हुआ है, मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अब ठंड से धीरे-धीरे राहत मिल रही है और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि, सुबह 8 बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 245 दर्ज किया गया, जो 'अस्वस्थ' (Unhealthy) श्रेणी में आता है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदूषण फिर से बढ़ सकता है।
वेस्टर्न हिमालयी इलाके में बदलेगा मौसम
IMD ने पोस्ट कर लिखा कि- ‘दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से 17 और 18 फरवरी को वेस्टर्न हिमालयी इलाके में कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी हो सकती है, 17 और 18 फरवरी 2026 को नॉर्थवेस्ट इंडिया के मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।’ मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण ठंड में कमी आएगी, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण रहे इसके लिए बारिश भी जरूरी है।
कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश में 14 और 15 फरवरी के दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा के अलावा चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में 17 फरवरी को कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 16 और 17 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।
उत्तराखंड में 24 घंटे के अंदर बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा और चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आसमान बादलों से ढके हैं और अधिकांश भागों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी रिकॉर्ड की जा रही है। बेमौसम बारिश-बर्फ गिरने से एक बार फिर से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को अभी कड़ाके की सर्दी महसूस हो रही है। वहीं, मैदानी जिलों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी है।