'BJP किसी हद तक जा सकती है, लेकिन हम राहुल गांधी के सिपाही हैं, डरने वाले...', AI समिट में बवाल के बाद यूथ कांग्रेस की पहली प्रतिक्रिया
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस ने एक्शन लेते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। अब पूरे विवाद पर यूथ कांग्रेस के नेशनल प्रेसिडेंट की प्रतिक्रिया आई है।
- भारत
- 4 min read

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारी हंगामा किया। कड़ी सुरक्षा के बावजूद यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता समिट में घुस गए और अपनी शर्ट उतारकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी करने लगे। कार्यकताओं ने मोदी विरोधी नारे भी लगाए। दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 8 से 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। अब पूरे विवाद पर यूथ कांग्रेस की पहली प्रतिक्रिया आई है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि वह इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के संबंध में कानूनी कार्रवाई कर रही है। भारत मंडपम पर सरकार विरोधी नारे और हंगामे के आरोप में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस के इस बयान पर कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है ,इंडियन यूथ कांग्रेस के नेशनल प्रेसिडेंट उदय भानु चिब की प्रतिक्रिया आई है।
हमारे यूथ कांग्रेस के साथी राहुल गांधी के सिपाही हैं-उदय भानु
पूरे विवाद पर उदय भानु चिब ने कहा, "हमारे यूथ कांग्रेस के साथी राहुल गांधी के सिपाही हैं। वे डरेंगे नहीं। जब राहुल गांधी के खिलाफ FIR नहीं हुई थी, तो ED का केस इतने सालों तक चलता रहा। उन्हें कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया। BJP किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन हम संविधान के सिपाही हैं, राहुल गांधी के सिपाही हैं। हम पीछे नहीं हटेंगे। हम देश के युवाओं के लिए अपनी आवाज उठाएंगे।"
दिल्ली पुलिस ने बताया भारत मंडपम पर क्या-क्या हुआ?
इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध पर एडिशनल CP देवेश कुमार महला ने कहा, "यह घटना दोपहर करीब 12:30 PM हुई। उन्होंने ऑनलाइन रजिस्टर किया और QR कोड स्कैनिंग के जरिए एंट्री की। उन्होंने ऊपर स्वेटर और जैकेट और नीचे टी-शर्ट पहनी हुई थी। हॉल 5 के पास, उन्होंने अपने स्वेटर और जैकेट उतार दिए। उन्होंने अपनी टी-शर्ट लहराते हुए विरोध किया। हम उनके खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हमने उनमें से चार को हिरासत में लिया है और बाकी की पहचान कर रहे हैं।"
Advertisement
हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं की हुई पहचान
एडिशनल CP देवेश कुमार महला ने बताया कि, "हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान कृष्ण हरि के तौर पर हुई है। वह नेशनल सेक्रेटरी हैं, उम्र 35 साल, बिहार के रहने वाले हैं। दूसरे का नाम कुंदन यादव है। वह भी बिहार से हैं। तीसरे का नाम अजय कुमार और चौथे का नाम नरसिम्हा यादव है। वह इंडियन यूथ कांग्रेस के नेशनल कोऑर्डिनेटर हैं।"
जिस समय यह विरोध प्रदर्शन हुआ, उस समय समिट में देश-विदेश के कई दिग्गज और प्रतिनिधि मौजूद थे। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता अचानक बैनर-पोस्टर लेकर मुख्य हॉल के पास पहुंच गए। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और परिसर से बाहर निकाला।