Wayanad Landslide: पीड़ित परिवार को 2 लाख की मदद, घायलों को 50 हजार...PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया।
- भारत
- 2 min read

Wayanad Landslide: केरल में भारी बारिश के कारण मंगलवार की सुबह वायनाड में हुए भूस्खलन में चार लोग मारे जा चुके हैं। कई लोग घायल हैं। WIMS मेडिकल कॉलेज के अनुसार, 48 लोगों का इलाज चल रहा है और अब तक 4 शव बरामद हुए हैं। इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
वायनाड में भूस्खलन की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'X' पर एक पोस्ट में लिखा- 'वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं। प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए बचाव अभियान अभी चल रहा है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से बात की और वहां की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।'
पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान
इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जानकारी दी गई कि पीएम नरेंद्र मोदी ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। PMO ने 'X' पर एक पोस्ट में लिखा, 'प्रधानमंत्री ने वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'
सुबह करीब 3.49 बजे भूस्खलन की घटना
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, मंगलवार को सुबह करीब 3.49 बजे व्यथिरी तालुक के मेप्पाडी पंचायत में भूस्खलन हुआ। बताया जाता है कि भारी बारिश के कारण पहाड़ दरक गया और कई लोग मलबे में दब गए, जिसमें से 4 लोगों के शव बरामद हुए। घटना के बाद रेक्स्यू ऑपरेशन चलाया गया। बचाव अभियान में दमकल विभाग, एनडीआरएफ और लोकल इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम के 250 सदस्य शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ की एक अतिरिक्त टीम को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर, एक एमआई-17 और एक एएलएच भी बचाव अभियान लगाए गए हैं।