अपडेटेड 7 December 2025 at 13:12 IST

बारगर्ल का डांस, मस्‍ती में लोग और 'मौत की दस्‍तक'... गोवा नाइट क्लब अग्निकांड से ठीक पहले का VIDEO आया सामने; अबतक 25 लोगों की जा चुकी जान

रेस्टोरेंट-कम-नाइट क्लब में हादसे से ठीक पहले का वीडियो सामने आया है जिसमें मौज-मस्ती का नजारा, चीख-पुकार में तब्दील होता दिख रहा है।

Follow : Google News Icon  

Goa NightClub Fire: गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट-कम-नाइट क्लब में भीषण आग लगने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो चुकी है। आग ने पल भर में ऐसा विकराल रूप ले लिया कि लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि दम घुटने से 20 लोगों की जान चली गई, जबकि 3 लोग जलकर मर गए। अब इस भीषण अग्निकांड से ठीक पहले का वीडियो सामने आया है जिसमें महिला डांसर परफॉर्म करती दिखाई दे रही है।

वीडियो में डांसर 'महबूबा' गाने पर डांस कर रही होती है, तभी क्लब की छत से चिंगारियां नीचे गिरने लगती है। स्टेज के पीछे आग की लपटें दिखाई देती हैं, जिन्हें देख वहां मौजूद लोग घबरा जाते हैं। कुछ ही देर में डांसर भी अपनी परफॉर्मेंस रोक देती है।

पल भर में धुएं के गुबार से भरा क्लब

वीडियो में लोगों को चिल्लाते सुना जा सकता है कि आग लग गई है। चंद मिनटों में पूरा क्लब धुएं से भर जाता है और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं। कहा जा रहा है कि नाइट क्लब का एग्जिट गेट काफी छोटा था, जिसकी वजह से लोगों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। ऐसे में कुछ लोग बचने के लिए किचन की तरफ दौड़ पड़े।

चश्मदीदों ने क्या बताया?

प्रारंभिक जानकार के मुताबिक, गोवा में बिर्च बाय रोमियो लेन में हादसा उस समय हुआ, जब किचन एरिया में ब्लास्ट हुआ। देखते ही देखते आग ने पूरे किचन को अपनी जद में ले लिया। फिर बेसमेंट में भी धुएं का गुबार भर गया। गोवा पुलिस के मुताबिक, आग शनिवार करीब 12 बजकर 4 मिनट पर लगी। आग लगने का मुख्य कारण सिलेंडर माना जा रहा है। लेकिन इसकी असल जांच की जा रही है। कई चश्मदीदों का कहना है कि आग क्लब की पहली मंजिल में सुलगी, जहां डांस फ्लोर था। घटना के बाद पुलिस ने नाइट क्लब के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- CM

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने आग लगने की घटना में 25 लोगों की मौत पर कहा, 'आज का दिन बहुत दुखद है। गोवा की पर्यटन इतिहास में पहली बार इस तरह की घटना हुई है। यह बहुत बड़ी दुर्घटना है। इसमें 25 लोगों की मौत हो गई है।'

उन्होंने आगे कहा, 'मैं खुद रात को घटनास्थल पर गया था। 4 लोग पर्यटक थे और बाकी लोग क्लब के कर्मचारी थे। मैं मृतकों के प्रति दुख व्यक्त करता हूं। सरकार की तरफ से मृतकों के परिवार को आर्थिक मदद दी जाएगी। 6 घायलों का इलाज चल रहा है।'

Advertisement

सीएम सावंत ने कहा कि इस पूरी घटना की मैजिस्ट्रियल जांच की जाएगी। इसमें जिसकी भी गलती पाई जाएगी, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Goa Nightclub Fire: गोवा नाइट क्लब हादसे में 23 मौतों पर PM मोदी ने जताया दुख, किया मुआवजे का ऐलान; राष्‍ट्रपति मुर्मू भी हुईं गमगीन
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 7 December 2025 at 13:08 IST