LIVE UPDATES/ राजकीय सम्मान के साथ होगा पूर्व PM मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार, देश में 7 दिन का राजकीय शोक घोषित
India News Live: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की निधन हो गया है। उन्हें गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद AIIMS में भर्ती कराया गया था। मनमोहन सिंह को सांस लेने में दिक्कत के बाद एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया था। 92 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। देश में 7 दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है।
- भारत
- 21 min read

India News Live: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली के एम्स में उन्हें भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। कई डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही थी। मगर देर शाम उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
देश में 7 दिन का राजकीय शोक घोषित
भारत सरकार के सूत्र ने बताया कि मनमोहन सिंह के निधन पर कल होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया जाएगा। कल सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक होगी। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह के परिवार से की बात
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने परिवार से बात कर हिम्मत बांधी। पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने गहरा दुख जताते हुए पोस्ट लिखा- 'मनमोहन सिंह ने हमारे प्रधानमंत्री के रूप में लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।'
Advertisement
पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है। नरेंद्र मोदी ने X पोस्ट में लिखा- 'भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मनाता है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी। संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था। हमारे प्रधान मंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।'
AIIMS ने की मनमोहन सिंह के निधन की पुष्टि
AIIMS नई दिल्ली ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन की पुष्टि की है। X पोस्ट में लिखा- अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना देते हैं। वे उम्र से संबंधित बीमारियों के कारण इलाजरत थे और 26 दिसंबर 2024 को घर पर अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें रात 8:06 बजे एम्स, नई दिल्ली के मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
Advertisement
पूर्व PM मनमोहन सिंह का निधन
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की निधन हो गया है। उन्हें गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। मनमोहन सिंह को सांस लेने में दिक्कत के बाद एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। 92 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली।
थोड़ी देर में जारी होगा एम्स का मेडिकल बुलेटिन
दिल्ली पुलिस के तमाम अधिकारी भी एम्स पहुंचे हैं। दिल्ली एम्स के पीआरओ और डायरेक्टर को बुलाया गया है। एम्स परिसर को खाली कराया जा रहा है। थोड़ी देर में एम्स का मेडिकल बुलेटिन जारी होगा। एम्स के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई । दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान को तैनात किया है।
AIIMS पहुंची प्रियंका गांधी
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को तबीयत बिगड़ने के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक,उनकी हालत गंभीर है। उन्हें एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। प्रियंका गांधी उनसे मिलने AIIMS अस्पताल पहुंचीं हैं।
सरकार अपनी विफलता छिपा रही है-किशन रेड्डी
केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने कहा, "अल्लू अर्जुन के विषय पर सरकार अपनी विफलता से बचने के लिए बार-बार सिनेमा कलाकारों पर जिम्मेदारी सौंपने की कोशिश कर रही है यह बिल्कुल गलत है। आज मैं मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से पूछना चाहता हूं कि अल्लू अर्जुन सिनमा देखने के लिए सिनेमाघर आए और अल्लू अर्जुन को देखने के लिए फैंस सिनेमाघर आए थे तो फैंस को कंट्रोल करने की जिम्मीदारी अल्लू अर्जुन पर कैसे हैं...अगर पुलिस की क्षमता फैंस को कंट्रोल करनी की नहीं थी तो फैंस को आने नहीं देते...।
मनमोहन सिंह एम्स में भर्ती
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को तबीयत बिगड़ने के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, शाम के 8 बजे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इमरजेंसी वार्ड में उन्हें मल्टीपल डॉक्टरों की टीम देख रही है।
2025 कांग्रेस का संगठनात्मक सुधार कार्यक्रम
CWC की बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, "हमने दो प्रस्ताव पेश किए, एक महात्मा गांधी पर और दूसरा राजनीतिक प्रस्ताव के रूप में। चर्चा में 50 से अधिक नेताओं ने भाग लिया... अंततः हमने एक वर्ष के लिए बड़े पैमाने पर राजनीतिक अभियान चलाने का निर्णय लिया। 2025 कांग्रेस का संगठनात्मक सुधार कार्यक्रम होने जा रहा है।
'संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा' शुरू करेगी कांग्रेस
CWC की बैठक के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "26 जनवरी 2025 से लेकर 26 जनवरी 2026 तक हम 'संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा' शुरू करेंगे। हर राज्य में ये यात्रा होगी और इसमें सभी मुद्दे शामिल होंगे..जैसा हम मानते हैं कि भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस को 'संजीवनी' मिली और हमारे राजनीति में ये एक परिवर्तनकारी क्षण था उसके बाद 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' हुआ और अब एक साल के लिए 'संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा' होगा।'
CWC की बैठक खत्म
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल कर्नाटक के बेलगावी में सीडब्ल्यूसी बैठक में हिस्सा लेने के बाद रवाना हुए।
रांची पहुंचे रघुवर दास का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
ओडिशा के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद रांची पहुंचे रघुवर दास का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उन्होंने कहा, मुझे 14 महीना भगवान जगन्नाथ की धरती पर ओडिशा की जनता का सेवा करने का मौका मिला। तो 14 महीना मेरी कर्म भूमि ओडिशा थी लेकिन अब अपनी जन्म भूमि और कर्म भूमि पर फिर मैं वापस आया हूं इसके लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का बहुत आभार।
महिलाओं को धोखा देने का काम रही है AAP-वीरेंद्र सचदेवा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "संजय सिंह जमानत पर छूटे हुए अपराधी हैं। उन्हें ये समझना चाहिए कि झूठी शिकायतों से कुछ नहीं होता है। सार्वजनिक रूप से संजय सिंह और अरविंद केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिए कि कैसे उन्होंने सम्मान के नाम पर दिल्ली की माता-बहनों को धोखा देने का काम किया है... जिस 'महिला सम्मान योजना' की वे घोषणा कर रहे हैं, दिल्ली सरकार खुद विज्ञापन निकालकर मना कर रही है कि ऐसी कोई योजना है ही नहीं।
पार्टी जो भूमिका तय करेगी उसके तहत काम करूंगा-रघुवर दास
ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुबर दास ने कहा, " मैं हमेशा सक्रिय ही रहा हूं चाहे संवैधानिक पद में रहा हूं, मैं संवैधानिक पद का निर्वाह करते हुए कहीं भी रहा मैं हमेशा सक्रिय रहा। चाहे वो राज्यपाल पद का हो, चाहे मुख्यमंत्री पद का हो..चाहे कार्यकर्ता की भूमिका हो मैं हमेशा सक्रिय ही रहा। पार्टी जो भूमिका तय करेगी उस योजना के तहत काम करूंगा।
भाजपा नेताओं के खिलाफ AAP ने की शिकायत
AAP सांसद संजय सिंह नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं को कथित तौर पर नकदी बांटने के लिए भाजपा नेता परवेश वर्मा और मनजिंदर सिंह सिरसा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए ईडी कार्यालय पहुंचे।
धामी ने राष्ट्रीय खेलों के लिए मशाल रिले को दिखाई झंडी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी से 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए मशाल रिले को झंडी दिखाई। राष्ट्रीय खेलों की यह मशाल 33 दिनों में प्रदेश के 13 जिलों के 99 स्थानों का भ्रमण कर 25 जनवरी को देहरादून पहुंचेगी।
CWC बैठक से पहले कांग्रेस का मार्च
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने कर्नाटक के बेलगावी में विस्तारित CWC बैठक स्थल की ओर मार्च किया। मार्च में राहुल गांधी भी शामिल हुए। कांग्रेस कार्य समिति की बैठक आज कर्नाटक के बेलगावी में शुरू हो गई है।
कांग्रेस कार्य समिति की बैठक शुरू
कांग्रेस कार्य समिति की बैठक आज कर्नाटक के बेलगावी में शुरू हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया समेत कई अन्य नेता यहां मौजूद हैं।
एकनाथ शिंदे ने की पीएम मोदी से मुलाकात
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "महाराष्ट्र में सरकार के गठन और मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद मैं पीएम से मिला और उन्होंने हमें राज्य के विकास के लिए किए गए कार्यों और सफलता के लिए बधाई दी... मैं, अजीत पवार और देवेंद्र फडणवीस फिर मिलेंगे और राज्य के विकास की रणनीति बनाएंगे और इस पर हम पीएम से भी चर्चा करेंगे..."
CWC बैठक में शामिल नहीं होंगी सोनिया गांधी
कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी खराब स्वास्थ्य के कारण बेलगावी में पार्टी की CWC बैठक में शामिल नहीं हो सकती हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद हैं। अगर सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार नहीं होती है तो प्रियंका गांधी वाड्रा भी CWC बैठक में शामिल नहीं हो सकती हैं: सूत्र
एमटी वासुदेवन नायर को केरल के CM विजयन ने दी श्रद्धांजलि
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने मशहूर मलयालम लेखक और फिल्म निर्देशक एमटी वासुदेवन नायर को श्रद्धांजलि दी। उनका बुधवार को निधन हो गया है।
AAP-कांग्रेस पर सुधांशु त्रिवेदी का हमला
BJP सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "खबरों में बने रहने के लिए AAP पार्टी अजीबोगरीब बयान देती रहती है। उनका बयान दिल्ली चुनाव में उनकी हार की स्वीकार कर ली है। दिल्ली की जनता को याद है कि कैसे छह महीने पहले ही उन्होंने (कांग्रेस और आप) INDI गठबंधन के रूप में मिलकर चुनाव लड़ा था। अब यह दिख रहा है कि इन पार्टियों के लोगों के दिलों में एक-दूसरे के लिए क्या है। दोनों में से कोई भी सत्ता में नहीं आएगा।"
कांग्रेस ने BJP के साथ समझौता कर लिया- CM आतिशी
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "कांग्रेस के बयानों से यह स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस ने भाजपा के साथ समझौता कर लिया है। कल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल देशद्रोही हैं। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहती हूं कि क्या उन्होंने कभी किसी भाजपा नेता पर यही आरोप लगाए हैं? नहीं। लेकिन आज कांग्रेस अरविंद केजरीवाल पर देशद्रोही होने का आरोप लगा रही है। कांग्रेस ने कल मेरे और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ FIR दर्ज कराई। क्यों? क्या कांग्रेस ने कभी किसी भाजपा नेता के खिलाफ कोई FIR दर्ज कराई है? हमें विश्वसनीय स्रोतों से पता चला है कि कांग्रेस उम्मीदवारों का चुनावी खर्च भाजपा से आ रहा है। भाजपा कांग्रेस उम्मीदवारों को फंड दे रही है। हमने सुना है कि संदीप दीक्षित को भाजपा से फंड मिल रहा है...अगर कांग्रेस को लगता है कि हम (AAP) देशद्रोही हैं, तो उन्होंने हमारे साथ गठबंधन करके लोकसभा चुनाव क्यों लड़ा? यह स्पष्ट है कि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के साथ AAP को हराने और दिल्ली में भाजपा को जिताने के लिए कुछ आपसी समझौता किया है...अगर कांग्रेस और भाजपा के बीच कोई समझौता नहीं हुआ है, तो उन्हें 24 घंटे के भीतर अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए..."
पूरे देश के लिए राष्ट्रीय प्रेरणा का पर्व बना- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज हम तीसरे वीर बाल दिवस के आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं। तीन साल पहले हमारी सरकार ने वीर साहिबजादों के बलिदान की अमर स्मृति में वीर बाल दिवस मनाने की शुरूआत की थी। अब ये दिन करोड़ों देशवासियों के लिए, पूरे देश के लिए राष्ट्रीय प्रेरणा का पर्व बना है। इस दिन ने भारत के कितने ही बच्चों और युवाओं को अदम्य साहस से भरने का काम किया है।"
वीर बाल दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीर बाल दिवस मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। यह एक राष्ट्रव्यापी उत्सव है जिसमें बच्चों को भारत के भविष्य की नींव के रूप में सम्मानित किया जाता है।
AAP में शामिल हुए रोहित दलाल
खेल और फिटनेस के क्षेत्र से जुड़े रोहित दलाल और अक्षय दिलावरी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।
बाल पुरस्कार से सम्मानित बच्चों से मिले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के 2024 प्राप्तकर्ताओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत की।
BJP महिला मोर्चा का केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन
BJP महिला मोर्चा के सदस्यों ने 'महिला सम्मान योजना' को लेकर AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों को हिरासत में लिया है।
AAP महिलाओं को कर रही भ्रमित- गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "AAP ने जिस किस्म की घोषणा की है। उनके उलट वहां के अधिकारियों ने सरकारी रिकॉर्ड पर उत्तर दिया है कि ऐसी कोई योजना नहीं है। AAP बिना किसी योजना के महिलाओं को भ्रमित करने का काम कर रही है।"
संजय सिंह का बयान
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "दिल्ली की जनता जानती है कि उनका काम अरविंद केजरीवाल करेंगे। जिसने, बिजली, पानी, शिक्षा, इलाज, महिलाओं के लिए बस फ्री किया, बुजुर्गों के लिए तीर्थ की यात्रा फ्री वे 2100 की योजना भी लागू करेंगे। ये दिल्ली के लोगों को भरोसा है। कांग्रेस और भाजपा जितना चाहे विरोध कर लें दिल्ली में महिला सम्मान योजना अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने के बाद लागू होगी। जितनी ताकत कांग्रेस और भाजपा को लगाना है लगा लें।"
हमारे लिए पराक्रम, श्रद्धा और आस्था का दिन है- CM मोहन यादव
वीर बाल दिवस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, "26 दिसंबर गुरू गोबिंद सिंह के साहिबजादों का बलिदान दिवस है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा घोषणा होने पर आज ये दिन सारे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। मैं सच्चे अर्थों में गुरू गोबिंद सिंह के परिवार के बलिदान को स्मरण कर रहा हूं। मुझे इस बात का संतोष है कि हमने किसी और दिन बाल दिवस मनाने की गलती को संशोधित किया है... ये हमारे लिए पराक्रम, श्रद्धा और आस्था का दिन है..."
सुरेन्द्र बाला की बावड़ी पर खुदाई का काम जारी
संभल के चंदौसी क्षेत्र में स्थित सदियों पुरानी रानी सुरेन्द्र बाला की बावड़ी पर खुदाई का काम जारी है।
कांग्रेस ने इस देश को एकजुट रखा है- डीके शिवकुमार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार बेलगावी में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक 'नव सत्यग्रह बैठक' के लिए पहुंचे। शिवकुमार ने कहा, "कांग्रेस का इतिहास देश का इतिहास है, कांग्रेस ने इस देश को एकजुट रखा है। कांग्रेस सत्ता में हो या न हो, वह देश के सभी वर्गों का ख्याल रखती है। 100 साल पहले आज ही के दिन दोपहर 3 बजे महात्मा गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष चुना गया था, उसी समय CWC की बैठक शुरू होगी...यह महात्मा गांधी और कांग्रेस की दिशा के बारे में देश के लिए एक संदेश है..."
वीर बाल दिवस पर PM मोदी का पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "आज वीर बाल दिवस पर हम साहिबजादों की अद्वितीय बहादुरी और बलिदान को याद करते हैं। कम उम्र में ही वे अपने विश्वास और सिद्धांतों पर अडिग रहे और अपने साहस से पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनका बलिदान वीरता और अपने मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का एक शानदार उदाहरण है। हम माता गुजरी जी और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की बहादुरी को भी याद करते हैं। वे हमेशा हमें एक अधिक न्यायपूर्ण और दयालु समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करें।"
महाकुंभ के लिए 5000 से ज्यादा विशेष बसें तैनात होगी
प्रयागराज में महाकुंभ 2025 मेले में भक्तों की सहायता के लिए 5000 से अधिक विशेष बसें तैनात की जाएगी। अपर मेला अधिकारी महाकुंभ, विवेक चतुर्वेदी ने कहा, "परिवहन विभाग ने रोडवेज की बसों की करीब 5-6 हजार बसों की व्यवस्था की है। इसके अलावा 550 इलेक्ट्रॉनिक बसें भी चल रही हैं। मेला अवधि में हम 3 अस्थायी बस अड्डे बना रहे हैं। तीनों अस्थायी बस अड्डों का निर्माण शुरू हो गया है। ADG ट्रैफिक की अध्यक्षता में बैठी समिति ने इसका रूट तय कर दिया है और उसी पर बस चलेगी, जिससे आम श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।"
जल्द ऑपरेशन पूरा कर लेंगे- NDRF टीम प्रभारी योगेश कुमार मीना
बोरवेल में गिरी 3 साल की बच्ची के बचाव अभियान पर NDRF टीम प्रभारी योगेश कुमार मीना ने बताया, "अभी खुदाई जारी है। हमने 160 फीट तक खुदाई कर ली है। 170 फीट तक खुदाई करने की जरूरत है। हमें उम्मीद है कि आज हम इस ऑपरेशन पूरा कर लेंगे।"
कोहरे के चलते देरी से चल रही 18 ट्रेनें
घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न भागों से दिल्ली आने वाली 18 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं।
बोरवेल में फंसी को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन
राजस्थान: कोटपूतली के कीरतपुरा गांव में बोरवेल में गिरी 3.5 साल की बच्ची को बाहर निकालने के लिए चल रहे बचाव कार्य पर कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने कहा, "हमारा फोकस बचाव अभियान पर है और हम बच्ची को बाहर निकालना चाहते हैं। SDRF और NDRF की टीमों को तुरंत (सोमवार को) बुलाया गया और उनके मार्गदर्शन के अनुसार, बचाव अभियान चल रहा है। हम बच्ची को जल्द से जल्द बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।"
वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर बनी जेपीसी की बैठक आज
वक्फ संशोधन बिल को लेकर बनी संयुक्त संसदीय समिति की आज बैठक होगी। इस दौरान राज्य के प्रतिनिधियों के मौखिक साक्ष्य रिकॉर्ड किए जाएंगे। बैठक 26 और 27 दिसंबर को होनी है।
वीर बाल दिवस में शामिल होंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीर बाल दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर करीब 12 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। इस दौरान वह बच्चों को देश के भविष्य की नींव के रूप में सम्मानित करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।