अपडेटेड 7 February 2024 at 18:37 IST

वास्तु शास्त्री खुशदीप बंसल 65 करोड़ की धोखाधड़ी में गिरफ्तार; कभी संसद का वास्तुदोष किया था दूर

असम पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया था कि खुशदीप बंसल के खिलाफ गैर जमानती वारंट है। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खुशदीप बंसल को गिरफ्तार कर लिया।

Follow : Google News Icon  
Vastu Shastri Khushdeep Bansal arrested by assam police
वास्तु शास्त्री खुशदीप बंसल | Image: Republic

जतिन शर्मा 

जाने माने वास्तु शास्त्री खुशदीप बंसल धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार हो गए हैं। ये गिरफ्तारी असम पुलिस ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ मिलकर की है। धोखाधड़ी मामले में खुशदीप बंसल के साथ उनके भाई हरीश को भी गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, 65 करोड़ की जालसाजी के मामले में खुशदीप बंसल को गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलीजेंस यूनिट (सीआई) ने खुशदीप और उनके भाई हरीश को दिल्ली के बाराखंभा इलाके से मॉर्डन स्कूल के पास से गिरफ्तार किया। सोमवार सुबह असम पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर असम रवाना हो गई।

असम पुलिस ने दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा से संपर्क किया था कि खुशदीप बंसल के खिलाफ गैर जमानती वारंट है और वो सैनिक फॉर्म में रहते हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने खुशदीप बंसल और उनके भाई को गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement

मामले में कांग्रेस नेता का बेटा भी आरोपी

असम में चल रहे 65 करोड़ रुपये के ऑटोनामस काउंसिल घोटाले में पांच आरोपी हैं। इनमें मध्यप्रदेश के एक कांग्रेसी नेता का बेटा भी शामिल है। इस मामले में गुवाहाटी हाईकोर्ट ने सर्च वारंट जारी किया है। दिल्ली की सबरवाल ट्रेडिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के मालिक कमल सबरवाल ने इनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला साल 2022 का है।

आरोपी वास्तुशास्त्री ने दिल्ली पुलिस के सामने कहा है कि उसने किसी को कमल सबरवाल से मिलवाया था। उसने ठगी की है। वहीं असम पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों ने मिलकर जालसाजी की है।

Advertisement

कभी संसद का वास्तुदोष किया था दूर

खुशदीप बंसल कई राज्य सरकार की परियोजनाओं में सलाहकार और प्रमुख व्यवसायियों और उद्योगपतियों के रणनीतिक सलाहकार रहे हैं। बंसल ने कहा था कि संसद भवन में जो लाइब्रेरी है, उसमें वास्तुदोष है, इसलिए सरकारें गिर जाती हैं। 1997 में बंसल ने संसद की लाइब्रेरी का वास्तुदोष दूर किया था।

यह भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका, कोर्ट ने दिल्ली CM के खिलाफ जारी किया समन

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 7 February 2024 at 17:21 IST