चमोली टनल हादसे में 13 मजदूर सुरक्षित बाहर, CM धामी ने देर रात आपदा केंद्र पहुंच संभाली कमान; दिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू के निर्देश
उत्तराखंड के चमोली में पीपलकोटी स्थित THDC हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की एक निर्माणाधीन टनल अचानक धंस गई। हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ, जब टनल के भीतर 20-25 मजदूर काम कर रहे थे।
- भारत
- 4 min read

उत्तराखंड के चमोली जिले से एक भीषण हादसे की खबर सामने आई है। पीपलकोटी स्थित THDC हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की एक निर्माणाधीन टनल अचानक धंस गई। हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ, जब टनल के भीतर 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफ़रा-तफ़री और हड़कंप मच गया। टनल के भीतर भारी मात्रा में मलबा और पानी भर जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना होने पर सबसे पहले स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने टनल में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। कुछ ही देर में पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। राहत दल, स्थानीय पुलिस और CISF के जवानों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और करीब 13 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सेना और NDRF मोर्चे पर तैनात
हादसे को देखते हुए राहत कार्य को और गति दी गई है। सेना, ITBP, NDRF और SDRF की विशेष टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। टनल में अभी भी कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घायल मजदूरों का इलाज जारी
टनल से सुरक्षित निकाले गए मजदूरों में से कुछ को चोटें आई हैं। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए घायल मजदूरों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम घायलों की निगरानी कर रही है।
Advertisement
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, दिए सख्त निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन, NDRF, SDRF और सभी संबंधित एजेंसियों को आपस में बेहतर तालमेल बनाकर 'युद्ध स्तर' पर राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि फंसे हुए हर एक मजदूर को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी देर रात्रि पहुंचे आपदा परिचालन केंद्र
चमोली के मायापुर स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी देर रात्रि राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की कमान संभालते हुए एजेंसियों को युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए। टनल में फंसे 22 लोगों में से 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि बाकी लोगों को निकालने का काम जारी है। सीएम ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बात कर उनका हाल-चाल जाना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
Advertisement
अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और आवश्यकता पड़ने पर एयर लिफ्ट से एम्स भेजने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं घटनास्थल पर जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें संयुक्त रूप से युद्धस्तर पर बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन, मशीनरी और चिकित्सा व्यवस्थाएं भी तत्काल उपलब्ध कराई गई हैं।