उत्तराखंड में आफत की बारिश, रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ा; स्कूल बंद, हाई अलर्ट पर प्रशासन
उत्तराखंड में जारी भारी बारिश से लगातार हालत बिगड़ रहे हैं। इस बीच रुद्रप्रयाग से फिर से बार डरा देने वाली जानकारी सामने आई है, जहां अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर बढ़ चुका है। ऐसे में जिला प्रशासन अब हाई अलर्ट पर है। पढ़ें पूरी खबर
- भारत
- 2 min read

Alaknanda River Water Level Rising: उत्तराखंड में जारी भारी बारिश के कारण हालात धीरे-धीरे बिगड़ रहे हैं। रुद्रप्रयाग में भी स्थिति चिंताजनक होती जा रही है, क्योंकि यहां अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर काफी बढ़ चुका है। जिला प्रशासन ने इसको देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन ने अब नदी के किनारे जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। वहीं, स्थानीय लोगों और यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे नदियों के पास न जाएं।
बच्चों की सुरक्षा के चलते स्कूल बंद
प्रशासन ने नदी किनारे जाने पर रोक इसलिए लगाई ताकी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं, जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। माता-पिता से अपील की गई है कि बच्चे घर पर सुरक्षित रहें।
अलर्ट पर हैं सभी सुरक्षा एजेंसियां
आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और SDRF की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई के लिए टीमें तैयार हैं। दूसरी ओर चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक आवाजाही से बचें। वहीं प्रशासन की माने तो, यात्रा को फिलहाल टालने या सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी जा रही है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें। लोग सिर्फ आधिकारिक निर्देशों का ही पालन करें। अफवाहों पर ध्यान न दें और शांत रहें। प्रशासन सभी जरूरी कदम उठा रहा है ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और जरूरत के मुताबिक आगे कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल सभी को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।