योगी सरकार में संस्कृति और युवा शक्ति के संगम का मंच बना 'सनातन शंखनाद', आगरा में उमड़ा युवाओं का हुजूम; बुलडोजर एक्शन को Gen-Z का समर्थन
सनातन परंपराओं और आधुनिक युवा ऊर्जा को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित ‘उत्तर प्रदेश युवा महोत्सव- सनातन शंखनाद’ का दूसरा पड़ाव आगरा में संपन्न हुआ।
- भारत
- 3 min read

सनातन परंपराओं और आधुनिक युवा ऊर्जा को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित ‘उत्तर प्रदेश युवा महोत्सव- सनातन शंखनाद’ का दूसरा पड़ाव आगरा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों युवाओं और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। युवा संवाद से लेकर भजन क्लबिंग तक, महोत्सव में संस्कृति, विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। ‘बम लहरी’ की धुन पर जेन-जी युवाओं का उत्साह भी देखने को मिला।
इससे पहले 21 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया था, जिसमें 7,000 से अधिक युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता रही। ग्रेटर नोएडा के सफल आयोजन के बाद आगरा इस महोत्सव की यात्रा का दूसरा महत्वपूर्ण पड़ाव बना। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, सनातन परंपराओं और वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में हुए विकास एवं परिवर्तन की यात्रा से युवाओं को जोड़ना रहा।
युवा संवाद में प्रदेश के बदलावों और बुलडोजर नीति पर हुई चर्चा
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण युवा संवाद रहा, जिसमें उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद आए बदलावों, विकास, कानून-व्यवस्था, सांस्कृतिक पहचान और युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनाई गई नीतियों और बुलडोजर कार्रवाई पर भी विचार रखे गए।
Advertisement
युवाओं ने बुलडोजर को कानून-व्यवस्था और अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के प्रतीक के रूप में अपना समर्थन व्यक्त किया। वक्ताओं ने प्रदेश के विकास में युवा शक्ति की भागीदारी और सांस्कृतिक चेतना के महत्व पर भी जोर दिया। डॉ. सुरेश चव्हाणके, साध्वी प्रज्ञा और जान्हवी सिंह ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने, राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और अपनी आवाज को मजबूती से रखने का संदेश दिया।
भजन क्लबिंग में रहस्य बैंड ने मचाया धमाल, ‘बम लहरी’ पर झूमे Gen-Z
Advertisement
कार्यक्रम का सबसे रोमांचक और ऊर्जावान हिस्सा भजन क्लबिंग रहा। रहस्य बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुति से पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। विशेष रूप से ‘बम लहरी’ की धुन पर हजारों की संख्या में मौजूद Gen-Z युवाओं ने जमकर उत्सव मनाया। आधुनिक संगीत की ऊर्जा और भक्ति के संगम ने यह दिखाया कि आज की युवा पीढ़ी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को अपने अंदाज में अपनाने के लिए उत्साहित है। भजन क्लबिंग के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक और नृत्य प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
18 शहरों तक पहुंचेगा सनातन शंखनाद का संदेश
उत्तर प्रदेश युवा महोत्सव – सनातन शंखनाद केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं को उनकी विरासत, संस्कृति और विकास यात्रा से जोड़ने का एक व्यापक प्रयास है। इस महोत्सव की परिकल्पना प्रदेश के 18 शहरों तक पहुंचने की है, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं को एक साझा मंच मिल सके। ग्रेटर नोएडा और आगरा के बाद यह यात्रा उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों में भी आगे बढ़ेगी। आयोजन के माध्यम से भक्ति, संस्कृति, युवा संवाद और राष्ट्र निर्माण के विचारों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।