योगी सरकार का बड़ा ऐलान...किसानों को 6% पर लोन, 50 हजार चालकों को मिलेगा रोजगार; जानें क्या है 'कृषक समृद्धि' और 'भारत टैक्सी' योजना

खेती में पैसों की कमी को दूर करने के लिए यूपी सरकार ने लोन योजना का ऐलान किया है। इस योजना की आसान प्रक्रिया के जरिए किसानों को आसानी से कर्ज मिल सकेगा, जिससे उनकी आर्थिक चिंताएं खत्म होंगी और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। वहीं प्रदेश में परिवहन और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 'भारत टैक्सी सेवा' की शुरुआत की है। इस बड़ी पहल से लगभग 50 हजार टैक्सी ड्राइवरों को जोड़ा जाएगा।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
योगी सरकार का बड़ा ऐलान...किसानों को 6% पर लोन, 50 हजार चालकों को मिलेगा रोजगार; जानें क्या है 'कृषक समृद्धि' और 'भारत टैक्सी' योजना
योगी सरकार का बड़ा ऐलान...किसानों को 6% पर लोन, 50 हजार चालकों को मिलेगा रोजगार; जानें क्या है 'कृषक समृद्धि' और 'भारत टैक्सी' योजना | Image: ANI

उत्तर प्रदेश के किसान भाइयों के लिए एक बेहद शानदार खुशखबरी है। अक्सर पैसों की कमी और भारी-भरकम कर्ज के कारण किसानों को खेती में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जब भी किसान खेती के जरूरी कामों के लिए बैंक से लोन लेते हैं, तो अधिक ब्याज दरें उनकी कमर तोड़ देती हैं। किसानों की इसी बड़ी समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है।

सरकार ने 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' की शुरुआत की है, जिसका सीधा फायदा राज्य के लाखों किसानों को मिलेगा। अब अन्नदाताओं को बेहद सस्ती ब्याज दरों पर लोन मिलेगा, जिससे वे बिना किसी आर्थिक तंगी के अपनी खेती को आगे बढ़ा सकेंगे। वहीं इसके साथ ही सीएम योगी ने राज्य में 'भारत टैक्सी सेवा' की शुरुआत की है, जिससे शुरुआती चरण में करीब 50 हजार टैक्सी ड्राइवर जुड़ेंगे।

क्या है मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना?

इस नई और लाभकारी योजना के तहत, उत्तर प्रदेश के लघु और सीमांत किसानों को खेती और उससे जुड़े विकास कार्यों के लिए सीधे 6 लाख रुपये तक का लोन दिया जाएगा। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस लोन पर सालाना ब्याज दर मात्र 6 प्रतिशत ही तय की गई है। पहले नाबार्ड या अन्य वित्तीय संस्थानों से मिलने वाले कृषि लोन पर ब्याज दरें 11 से 11.5 प्रतिशत तक हुआ करती थीं।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को खेत में सिंचाई की पुख्ता व्यवस्था करने, आधुनिक कृषि उपकरण खरीदने और खेती से जुड़ी अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करने के लिए आर्थिक मदद देना है। इतने सस्ते ब्याज पर पैसा मिलने से किसान बिना किसी मानसिक तनाव के अपनी खेती के कामों को बेहतरीन तरीके से मैनेज कर सकेंगे।

Advertisement

5% ब्याज की सब्सिडी का विशेष लाभ

अब आपके मन में यह सवाल आ रहा होगा कि इतनी कम ब्याज दर मुमकिन कैसे है और बाकी का खर्च कौन उठा रहा है? राज्य सरकार ने किसानों की भलाई के लिए कुल ब्याज पर करीब 5 प्रतिशत की सब्सिडी देने का अहम फैसला किया है। हालांकि, यह 5 प्रतिशत की शानदार छूट केवल उन्हीं किसानों को मिलेगी जो अपने लोन की किस्तें समय पर चुकाएंगे और नियमों का पालन करेंगे।

इस योजना का लाभ लेने के लिए किसान का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही, उनके पास खेती के वैध कागज होनी चाहिए। किसानों की सुविधा के लिए यह पूरा लोन सिस्टम 'उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक' के जरिए चलाया जाएगा, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की फालतू भागदौड़ का सामना न करना पड़े।

Advertisement

कैसे करें योजना में आवेदन?

किसानों को आवेदन में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए योजना का एक विशेष ई-पोर्टल लॉन्च किया जा रहा है जिसके जरिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा, आप अपनी नजदीकी 'उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड' की शाखा में जाकर भी ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की जरूरत

आवेदन के लिए कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, जिनमें आपका पैन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक खाते की पूरी जानकारी, निवास प्रमाण पत्र, जमीन से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं। जिस कृषि कार्य के लिए आप लोन ले रहे हैं, उसकी पूरी लागत बताने वाली एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी मांगी जा सकती है। बैंक आपके दस्तावेजों और पात्रता की जांच करने के बाद लोन पास करेगा। आवेदन से पहले ध्यान रखें कि आप अपनी खतौनी अपडेट करा लें और अगर पुराने लोन का कोई बकाया है, तो उसकी सही जानकारी बैंक को जरूर दें।

यूपी में 'भारत टैक्सी सेवा' की शानदार शुरुआत

कृषि क्षेत्र को राहत देने के साथ-साथ यूपी सरकार ने परिवहन से जुड़े लोगों के लिए भी बड़ी पहल की है। सीएम योगी ने राज्य में 'भारत टैक्सी सेवा' की शुरुआत की है, जिससे शुरुआती चरण में करीब 50 हजार टैक्सी ड्राइवर जुड़ेंगे।

यह सेवा बाजार में मौजूद अन्य टैक्सी ऐप्स के मॉडल से बिल्कुल अलग है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें ड्राइवरों से किसी भी प्रकार का कमीशन नहीं लिया जाएगा। कमीशन मुक्त आय के साथ-साथ, इस योजना से जुड़ने वाले सभी ड्राइवरों को 5 लाख रुपये के बीमा का भी मुफ्त लाभ मिलेगा। यह नई पहल चालकों की आय बढ़ाने और उन्हें एक सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में एक बेहतरीन कदम साबित होगी।

ये भी पढ़ें - BREAKING: साउथ अफ्रीका में मास शूटिंग, घर में घुसकर की गई फायरिंग में 11 लोगों की मौत; 3 अस्पताल में भर्ती

Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड