यूपी के खूंखार गैंगस्टर ऊधम सिंह पर 1 लाख रुपये का इनाम, लंबे समय से चल रहा है फरार; जानिए इसकी पूरी क्राइम कुंडली
मेरठ पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर ऊधम सिंह पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। जानें कौन है उधम सिंह जिसपर 71 मुकदमें दर्ज है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए एड़ी चोटी का दम लगा रही है। जानिए पूरी कहानी?
- भारत
- 2 min read

Udham Singh UP Gangster: उत्तर प्रदेश में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर ऊधम सिंह की गिरफ्तारी को लेकर अब पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने गैंगस्टर ऊधम सिंह पर घोषित इनामी राशि 50 हजार से बढ़ाकर अब एक लाख रुपये कर दी है। कुछ हफ्ते पहले ही 7 अपराधियों के साथ उस पर इनाम लगाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, ऊधम सिंह हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कुल 71 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कई मामले मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जिलों से जुड़े हैं। उसके खिलाफ गुंडा एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
जगह-जगह छापेमारी कर रही पुलिस
साल 2011 का एक मुकदमा अभी भी ऊधम सिंह के खिलाफ लंबित है। जमानत पर बाहर आने के बाद ऊधम सिंह पर फर्जी दस्तावेजों से जमानत हासिल करने का आरोप लगा। शिकायतकर्ता अनवर की तहरीर पर नया मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की
पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसके नेपाल भागने की भी चर्चाएं हैं। कोर्ट से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई है। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि ऊधम सिंह को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस का मानना है कि इनाम राशि बढ़ने से आम लोगों से अहम जानकारी मिलने की संभावना बढ़ेगी। पश्चिमी यूपी में अपराधियों पर लगातार कार्रवाई चल रही है। ऊधम सिंह जैसे गैंगस्टरों की धर-पकड़ से इलाके में कानून व्यवस्था मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि कोई भी सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं।