Uttar Pradesh: नवरात्रि पर मंदिरों में भारी भीड़, ईद के त्योहार से बाजारों में रौनक

संभल, वाराणसी, अयोध्या, बागपत और अमेठी समेत विभिन्न जिलों में रविवार को नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी, जबकि ईद से पहले बाजारों में चहल-पहल बढ़ गयी।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Heavy rush at temples on Navratri, Eid bring vibrancy to markets
Heavy rush at temples on Navratri, Eid bring vibrancy to markets | Image: X

उत्तर प्रदेश के संभल, वाराणसी, अयोध्या, बागपत और अमेठी समेत विभिन्न जिलों में रविवार को नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी, जबकि ईद से पहले बाजारों में चहल-पहल बढ़ गयी। पुलिस ने राज्य में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश भर के अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पिछले साल नवंबर में संभल की जामा मस्जिद में सर्वेक्षण के दौरान भड़की हिंसा में चार लोगों के मारे जाने के बाद वहां की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए कड़े इंतज़ाम किये गये हैं। संभल में मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गयी। प्राचीन चामुंडा देवी मंदिर और चंदौसी में रामबाग धाम में दुर्गा मंदिर में लोग पूजा-अर्चना करने और आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे।

वार्ड 18 से नगरपालिका सदस्य चंचल सनी गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए कहा, ‘‘संभल में भक्तों में भारी उत्साह है। सभी मंदिरों की सफाई की गयी है और पुलिस ने आगंतुकों के लिए उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था की है।’’ चामुंडा मंदिर में पहुंचे श्रद्धालु बाल मुकुंद गुप्ता ने बताया, ‘‘बहुत भीड़ होने के कारण मुझे दर्शन करने में एक घंटा लग गया।’’

ईद का त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजारों में भी भारी भीड़ देखी गई। रेडीमेड कपड़ों और जूतों की दुकानों पर खरीददारों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कारोबार में तेजी आई। संभल में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष एहतेशाम अहमद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ईद के कारण बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। कारोबार खूब फल-फूल रहा है और बिक्री भी अच्छी हो रही है।’’

Advertisement

कपड़ा व्यापारी असलम ने भी कुछ ऐसी ही बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘इस ईद पर कारोबार बहुत अच्छा रहा। बिक्री भी अच्छी रही और त्योहारी माहौल भी खुशनुमा रहा।’’ नवरात्रि और रमजान के अंतिम दिनों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बाजारों और मंदिरों में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं।

वाराणसी में भी सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पूजा-अर्चना करने और देवी दुर्गा का आशीर्वाद लेने के लिए कतारों में खड़े हो गए। शैलपुत्री मंदिर, दुर्गा कुंड मंदिर और विशालाक्षी देवी मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों को खूबसूरती से सजाया गया है। भोर से ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के लिए कतारों में खड़े हो गए।

Advertisement

दुर्गा कुंड स्थित दुर्गा माता मंदिर के पुजारी सोनू झा ने बताया कि तड़के ही मंदिर के कपाट खुल गए और श्रद्धालु लगातार पूजा-अर्चना के लिए आ रहे हैं। झा के अनुसार सुबह देवी को पंचगव्य स्नान कराया गया तथा उसके बाद पुष्प और आभूषणों से श्रृंगार किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।शैलपुत्री मंदिर का प्रबंधन करने वाले अधिकारियों ने बताया कि परंपरा के अनुसार नवरात्रि के पहले दिन शैलपुत्री देवी के दर्शन का काशी में विशेष महत्व है, इसलिए मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है और भक्त सुबह से ही दिव्य स्वरूप की एक झलक पाने के लिए एकत्र हो रहे हैं।

(एसीपी-वाराणसी) विदुष सक्सेना ने कहा कि..

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी-वाराणसी) विदुष सक्सेना ने कहा कि नवरात्रि के दौरान मंदिरों के आसपास पर्याप्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सक्सेना के अनुसार अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं और जिले में संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पीएसी इकाइयों के साथ साथ अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। विभिन्न प्रमुख स्थानों पर ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने नवरात्रि के चलते छह अप्रैल तक धार्मिक स्थलों के पास अवैध बूचड़खानों और मांस की बिक्री पर रोक लगा दी है। सरकार ने शनिवार को अवैध बूचड़खानों को बंद करने और धार्मिक स्थलों के 500 मीटर के दायरे में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के सख्त आदेश जारी किए थे।

अमेठी जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ कालिकन भवानी धाम, देवीपाटन, समशेरवन भवानी, अहोरवन भवानी, दुर्गन भवानी, टीकरमाफी, विशेषरगंज के काली मंदिर समेत विभिन्न देवी मंदिरों एवं धर्मस्थलों पर मां के भक्तों की आधी रात से कतारें देखी जा रही हैं। जिले के सभी देवी मंदिरों एवं धर्म स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा सभी मंदिरों में पुरुष के साथ ही महिला आरक्षियों की तैनाती की गयी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वह घूम-घूमकर देवी मंदिरों एवं धर्मस्थलों को निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा ले रही हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामनगरी अयोध्या के ऐतिहासिक देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। नवरात्रि के प्रथम दिन माता शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के लिए भोर से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गयीं। भगवान श्रीराम की कुलदेवी बड़ी देवकाली और माता-सीता की कुलदेवी छोटी देवकाली सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार नवरात्रि के पहले दिन रामनगरी में गूंज रहे हैं 'जय माता दी' की जयकारे। इस पावन अवसर पर भक्तों ने घर-घर कलश स्थापना के साथ माता को विराजमान कराया और नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव की शुरुआत की।

इस दौरान मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिसने उत्सव के माहौल को और भव्य बना दिया। वहीं, श्रद्धालुओं ने नवसंवत्सर 2082 चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के सुअवसर पर सरयू मैया में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर अयोध्या के सुख समृद्धि की मंगल कामना की। सभी को नव संवत्सर 2082 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

देवी मंदिरों में पूजन-अर्चन के बाद भक्तों ने राम मंदिर और हनुमानगढ़ी का रुख किया। देर रात तक दोनों ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटी रही। रविवार होने के कारण जन्मभूमि पथ श्रद्धालुओं से पटा रहा। वहीं दर्शन-पूजन के बाद देर शाम को लता चौक व राम की पैड़ी पर भी खूब भीड़ नजर आई।

स्थानीय प्रशासन ने मंदिरों में स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी खास ध्यान रखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्रि और रामनवमी के मद्देनजर अधिकारियों को श्रद्धालुओं की हर जरूरत का ध्यान रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में आने वाले भक्तों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए

बागपत में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा-अर्चना की। इस दौरान भक्तों की सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर प्रबंधन तंत्र एवं पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी के साथ लगा हुआ है। बड़ागांव के प्राचीन मां मंशा देवी मंदिर में सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं ने पूजा-पाठ शुरू कर दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा-अर्चना की। रमजान व ईद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन खासी चौकसी बरत रहा है। अगर आज चांद दिखाई देता है तो सोमवार को ईद मनाई जाएगी।

ये भी पढ़ें - Navratri Mantra 2025: मां के नौ रूपों के 9 मंत्र, हवन में दें आहुति

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Garima Garg
पब्लिश्ड