अपडेटेड 29 July 2024 at 16:25 IST
विधानसभा सत्र के दौरान दिखा अनोखा नजारा, एंट्री से पहले राजा भैया ने अचानक छुए CM योगी के पैर फिर...
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंदर आए, तो राजा भैया ने बीजेपी विधायकों की तरह उनके पैर छुए।
- भारत
- 3 min read

Uttar Pradesh Vidhan Sabha Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा के भीतर सोमवार को उभरी एक तस्वीर ने सभी को चौंका दिया। यहां जब प्रतापगढ़ की भदरी रिसायत के युवराज रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का सामना सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुआ तो यहां आदर सम्मान की परंपरा देखी गई। सदन के अंदर राजा भैया ने मुख्यमंत्री योगी के पांव छुए। ये नजारा देखकर वहां हर कोई चौंक गया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जैसे ही विधानसभा के अंदर आए, तभी वहां मौजूद विधायक उनके पैर छूने के लिए कतार में खड़े हो गए। हर कोई यहां सीएम योगी के चरणों को स्पर्श करता रहा था। तभी विधानसभा में मौजूद रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने भी आगे बढ़कर सीएम योगी के चरण स्पर्श किए, जिसके बाद वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा गया कि राजा भैया ने जब पैर छुए तो मुख्यमंत्री योगी ने हाथ जोड़कर उनका सत्कार स्वीकार किया।
अयोध्या में भी छुए थे राजा भैया ने योगी के पांव
खैर, ये पहला मौका नहीं था जब मुख्यमंत्री योगी के पांव राजा भैया ने छुए हैं। उसके पहले 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय भी राजा भैया ने योगी आदित्यनाथ के पैर छुए थे। राजा भैया को प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण गया था, जिसे स्वीकार करते हुए वो उस समारोह में आए थे। यहां राम मंदिर की सीढ़ियों पर ही बाहुबली विधायक राजा भैया का सामना सीएम योगी आदित्यनाथ से हुआ था। जब राजा भैया ने पैर छुए थे तो सीएम योगी ने भी उनके कंधे पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया था।
Advertisement
BJP से नजदीकियां बढ़ा रहे हैं राजा भैया?
वैसे तो राजा भैया उत्तर प्रदेश की राजनीति में अकेले चल रहे हैं। अहम ये है कि राजा भैया का बीते कुछ वक्त से भारतीय जनता पार्टी की तरफ झुकाव दिखा है। वो कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुके हैं। लोकसभा चुनावों के दौरान भी राजा भैया ने फिर से मोदी सरकार बनने की भविष्यवाणी की थी। अपने एक बयान में राजा भैया ने कहा था कि नरेंद्र मोदी सरकार बनाने जा रहे हैं। इसके पहले वो अपने समर्थकों को फ्री हैंड होकर वोट करने की अपील कर चुके थे।
राजा भैया ने 2018 में बनाई थी जनसत्ता दल
राजा भैया फिलहाल जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। 2018 में उन्होंने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी बनाई थी। मौजूदा उत्तर प्रदेश विधानसभा में राजा भैया की पार्टी से 2 विधायक हैं। खुद राजा भैया कुंडा विधानसभा सीट से विधायक हैं, जबकि बाबागंज सीट से विनोद सरोज विधायक हैं।
यह भी पढे़ं: इंडिया न्यूज़ | India News in Hindi | देश की ताज़ा खबर | देश ब्रेकिंग समाचार | Republic Bharat
Advertisement
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 29 July 2024 at 14:01 IST