अपडेटेड 6 January 2026 at 21:22 IST
UP SIR Draft List 2026: लिस्ट में नहीं है आपका नाम तो क्या करें? पूरा प्रोसेस; 14 प्वाइंट्स में समझिए UP SIR की बड़ी बातें
UP SIR Draft Voter List: यूपी में चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें 2 करोड़ से ज्यादा नाम हटाए गए हैं।
- भारत
- 4 min read

राघवेंद्र पांडे
UP SIR Draft Voter List: उत्तर प्रदेश में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हो चुकी है। अब राज्य में 12 करोड़ 55 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। इस बार लिस्ट से 2 करोड़ से ज्यादा नाम हटाए गए हैं। बड़े पैमाने पर नामों की छंटनी हुई है। इसे लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने डिटेल में जानकारी दी।
आईए अब ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से जुड़े अहम बिंदुओं के बारे में बताते हैं। जैसे- अगर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में आपका नाम नहीं है तो क्या करना है? नाम नहीं होने पर कब तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे? आदि।
1. उत्तर प्रदेश में मतदाता पुनरीक्षण (4.11.2025 से 26.12.2025) में 12.55 करोड़ मतदाताओं ने खुद या परिवार के किसी सदस्य के जरिये गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर कर जमा किए। इसमें 46.23 लाख मतदाता मृत, 2.17 करोड़ स्थानांतरित/अनुपस्थित और 25.47 लाख से एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाए गए।
Advertisement
2. दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने के लिए 6 जनवरी से 6 फरवरी तक का समय है, जिसके दौरान पात्र मतदाता फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों को केवल एक ही स्थान पर रखा जाएगा।
3. विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 का उद्देश्य सभी पात्र मतदाताओं को शामिल करना और अपात्रों को हटाना है। इस प्रक्रिया में मतदाताओं और राजनीतिक दलों की व्यापक भागीदारी देखी गई, जिसमें 12.55 करोड़ मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किए।
Advertisement
4. राज्य में 75 जिलों के डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर, 403 विधानसभा क्षेत्रों के इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर, 42 असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर और 16,62,486 बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के समन्वित प्रयासों से यह सफलता मिली। इसमें 5,76,611 बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
5. व्यापक जागरूकता अभियान चलाए गए और राजनीतिक दलों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र बांटे और बीएलए को अधिकतम 50 प्रपत्र जमा करने की अनुमति दी गई।
6. आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को किया गया। दावा एवं आपत्ति की अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी तक है। 27 फरवरी तक दावों/आपत्तियों का निस्तारण होगा और 6 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
7. मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए बीएलओ, इसिनेट मोबाइल ऐप, ceouttarpradesh.nic.in या voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।
8. अगर नाम लिस्ट में नहीं है, तो फॉर्म-6 भरकर जमा करना होगा। नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वालों के लिए फॉर्म-6क, नाम हटाने या आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और सुधार/प्रतिस्थापन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग करना होगा।
9. आवेदन प्रपत्र बीएलओ, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र (वीआरसी), ceouttarpradesh.nic.in से प्राप्त और जमा किए जा सकते हैं, या इसिनेट मोबाइल ऐप/voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है।
10. विशेष पहलों के तहत मतदाताओं के लिए शिविर आयोजित किए गए और राजनीतिक दलों के साथ 1,546 बैठकें की गईं। 1 जनवरी तक 18 की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब तक 15,78,483 फॉर्म-6 नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त हुए हैं।
11. मृत, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की सूचियां बीएलओ द्वारा बीएलए के साथ साझा की गई हैं। निर्वाचन कर्मी और स्वयंसेवक वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और हाशिए पर स्थित वर्गों की सहायता कर रहे हैं।
12. गणना के दौरान समस्याओं के समाधान के लिए जनपद स्तरीय संपर्क केंद्र (डीसीसी) और राज्य स्तरीय संपर्क केंद्र (एससीसी) संचालित किए गए, जहां लगभग 62 हजार फोन कॉल का समाधान किया गया।
13. 403 इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर और 2042 असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर दावों और आपत्तियों की जांच करेंगे।
14. निर्धारित प्रक्रिया के बिना मतदाता सूची से कोई नाम नहीं हटाया जाएगा। आयोग एक पारदर्शी, सहभागी और समावेशी पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल न रहे।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 6 January 2026 at 21:22 IST