Rajya Sabha Elections: यूपी राज्यसभा चुनाव में होगा खेला, अखिलेश यादव की सपा ने खोले पत्ते, उतारेगी तीसरा प्रत्याशी
समाजवादी पार्टी के नेता रविदास मेहरोत्रा ने सोमवार को कहा कि पार्टी के तीसरे उम्मीदवार का नामांकन मंगलवार को होगा और उससे पहले तीसरे कैंडिडेट का नाम का भी ऐलान हो जाएगा।
- भारत
- 3 min read

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाला उपचुनाव काफी रोचक हो गया है। समाजवादी पार्टी दो सीटें अपने बलबूते आसानी से जीतने की स्थिति में है, लेकिन वह तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतारने जा रही है। सोमवार को समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मल्होत्रा ने इस पर मुहर लगा दिया। तीसरा उम्मीदवार मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेगा, इसके साथ ही पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आखिरी समय में कैंडिडेट के नाम का ऐलान करेंगे।
समाजवादी पार्टी के नेता रविदास मेहरोत्रा ने सोमवार को कहा कि पार्टी के तीसरे उम्मीदवार का नामांकन मंगलवार (6 अक्टूबर) को होगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावक के रूप में समाजवादी पार्टी के विधायकों के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर कराए जा चुके हैं। नाम का औपचारिक ऐलान भी कल हो जाएगा।
सपा ने तीसरे कैंडिडेट पर लगाई मुहर
बता दें कि पार्टी ने अब तक दो उम्मीदवारों- प्रो. रामगोपाल यादव और रिलायंस ग्रुप से जुड़े धनराज नथवानी का नामांकन दाखिल कर दिया है। तीसरे प्रत्याशी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि वे भाजपा को राज्यसभा चुनाव में बड़ा सरप्राइज देंगे। वहीं, बीजेपी ने अपने पत्ते नहीं खोले है। उम्मीदवारों के नाम का ऐलान पार्टी ने अभी नहीं किया है। ऐसे में देखना होगा कि कौन किसे सरप्राइज देता है।
दसवीं सीट पर कड़ी टक्कर
बीजेपी प्रदेश में सात सीटें आसानी से जीत सकती है और सहयोगियों की मदद से आठवीं सीट भी हासिल करने की स्थिति में है। इस तरह दो सीटें सपा और सात भाजपा के खाते में आसानी से जा सकती हैं, जबकि दसवीं सीट पर कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। जहां भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर और शह-मात का खेल देखने को मिल सकता है।
Advertisement
क्रॉस वोटिंग की संभावना
राज्यसभा चुनाव में पार्टी व्हिप लागू नहीं होती, इसलिए क्रॉस वोटिंग की संभावना बनी हुई है। दोनों प्रमुख दलों के बीच रस्साकशी देखने को मिल सकती है। यूपी विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं, लेकिन फिलहाल 397 विधायकों के आधार पर 10 राज्यसभा सीटों के लिए प्रति उम्मीदवार 37 प्रथम वरीयता वोटों की जरूरत है। ऐसे में 288 विधायकों वाली भाजपा गठबंधन आसानी से 7 सीटें और 103 विधायकों वाला सपा-कांग्रेस गठबंधन 2 सीटें जीत सकता है, जिसके बाद दोनों के पास 29-29 अतिरिक्त वोट बचेंगे। 10वीं सीट के लिए दोनों ही पार्टियों को क्रॉस वोटिंग या अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी।
कब है राज्यसभा चुनाव
अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में दसवीं सीट किसके खाते में जाती है, इस पर सभी की नजर है। विपक्ष में बैठे अखिलेश यादव इस चुनाव के जरिए अपनी ताकत दिखाना चाहेंगे। इन 10 सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होना है, जबकि नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है।