UP Election 2026: महिलाओं को 40 हजार रुपये, 2 लाख लोन भी, हर विधानसभा में 27 हजार वोट..., UP चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का खास प्लान
अखिलेश यादव ने रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद अपने चुनावी लक्ष्यों का ऐलान करते हुए कहा, 'हमने फैसला किया है कि 2027 में हर विधानसभा में 27 हजार वोट बढ़ाने का काम करेंगे।'
- भारत
- 3 min read

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद लखनऊ में पत्रकार वार्ता कर पार्टी का चुनाव लक्ष्य स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के वोटों में 27 हजार की वृद्धि की जाएगी और भाजपा के वोटों में उतनी ही कमी लाई जाएगी।
महिलाओं के लिए अपने पुराने वादों को दोहराते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने 40 हजार और समाजवादी पेंशन के अलावा लोन देने की घोषणा की है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं को एक लाख रुपये देने के लिए लोन ले रही है। सपा भी उसी बैंक से लोन लेकर महिलाओं को दो लाख रुपये देगी।
हर सीट पर 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य-अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा, “सभी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। हमने फैसला किया है कि 2027 में हर विधानसभा में 27 हजार वोट बढ़ाने का काम करेंगे। ऐसा भी कह सकते हैं कि हर विधानसभा में भाजपा के 27 हजार वोट कम करने का काम करेंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि 2027 में पार्टी उन सभी परिवारों तक पहुंचेगी जिनके साथ अत्याचार और अन्याय हुआ है।
BJP पर बरसे अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर फर्जी मुकदमों का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो भाजपा शासनकाल में दर्ज किए गए फर्जी मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें समाप्त किया जाएगा। युवा बेरोजगारी और आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने हमला बोला। उन्होंने कहा कि नौजवान बड़े पैमाने पर बेरोजगार हुए हैं। सरकारी नौकरियां नहीं मिलीं और उनके हक-अधिकार तथा आरक्षण छीने गए। आरक्षण की ऑडिट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि सरकार ने आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया है और भाजपा इन ऑडिट का एक पन्ने का भी जवाब नहीं दे पाई है।
Advertisement
बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षति पहुंचाने का मुद्दा भी अखिलेश यादव ने उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में 151 से अधिक मूर्तियां तोड़ी या खंडित की गईं। इनमें कई अनडॉक्यूमेंटेड मामले भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के 72 जिलों में प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर ऐसा कर संविधान बदलने की कोशिश कर रही है।