UP Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल उतारेगी 160 प्रत्याशी, मेरठ में पार्टी चीफ श्रीकान्त त्यागी ने किया ऐलान
श्रीकान्त त्यागी ने अपने संबोधन में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति साझा की। उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 160 प्रत्याशी उतारने की बात कही।
- भारत
- 2 min read

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) ने रठ के किठौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कौल में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में लगभग 18 से 20 हजार कार्यकर्ता, त्यागी-भूमिहार ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समाजों के लोग शामिल हुए। पार्टी ने इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन की बढ़ती सक्रियता का प्रमाण बताया।
पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी ने अपने संबोधन में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति साझा की। उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 160 प्रत्याशी उतारने की बात कही। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, सम्मेलन में 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान था, लेकिन प्रशासनिक बाधाओं के कारण अपेक्षा से कम लोग पहुंच सके।
पार्टी ने आरोप लगाया कि रास्तों पर सड़कें खोदी गईं और सम्मेलन में आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों के चालान किए गए, ताकि उनकी सहभागिता प्रभावित हो। श्रीकान्त त्यागी ने घोषणा की कि एक महीने के भीतर मेरठ में इससे 100 गुना बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनु त्यागी ने भी लगाए आरोप
Advertisement
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनु त्यागी ने आरोप लगाया कि उन्हें हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने इस मुद्दे पर प्रदेश सरकार और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। वहीं, वृंदावन से पहुंचे तुलसी पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी तुलसी महाराज ने श्रीकान्त त्यागी को आशीर्वाद दिया और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का संदेश दिया।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव के लिए संगठन विस्तार, सामाजिक एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया। रानद नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरने के लिए उत्तर प्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाएगी।