अपडेटेड 26 October 2024 at 22:29 IST
त्योहारों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए SP संतोष बोले- 'अराजक तत्वों की गर्मी मैं खुद शांत करूंगा'
एसपी संतोष कुमार मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे सख्त लहजे में कहते नजर आ रहे हैं।
- भारत
- 2 min read
SP Santosh Kumar Video : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। एसपी संतोष कुमार मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे सख्त लहजे में कहते नजर आ रहे हैं कि त्योहारों में खलल डालने वाले अराजक तत्वों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 'अराजक तत्वों की गर्मी' वे खुद शांत करेंगे।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था को सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।
त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाएं रखने के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने त्योहारों के चलते प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और साफ-सफाई के समुचित प्रबंधों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। साथ ही सीएम योगी ने प्रदेश में 28 अक्टूबर से 15 नवंबर तक पूरे 24 घंटे बिजली की आपूर्ति का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री योगी ने राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक में दीपावली, धनतेरस, दीपोत्सव, देव दीपावली और छठ पूजा के सुचारू आयोजन के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रदेश में सुरक्षा की दृष्टि से ज्यादा सतर्कता बरतनी चाहिए। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और हर शहर में सुचारू यातायात के लिए विशेष योजना बनाई जाए।
Advertisement
अराजक तत्वों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई- CM
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में त्योहार हर्ष और उल्लास के साथ मनाए जाएं और लोगों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने उपद्रवियों और अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए है। अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन इस साल 30 अक्टूबर को होना है। यह आयोजन श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत पहली बार हो रहा है और इस अवसर पर श्रद्धालुओं की अधिक उपस्थिति अपेक्षित है। साथ ही वाराणसी में देव दीपावली का आयोजन 15 नवंबर को होगा, जिसके लिए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए। दीपोत्सव और देव दीपावली की गरिमा के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
Advertisement
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 26 October 2024 at 22:29 IST