यूपी के जौनपुर से 3 बहनें लापता, फोटोकॉपी कराने घर से गई थीं मार्केट; पूरे गांव में मचा हड़कंप

Missing Girls India: दिल्ली में 2026 की शुरुआत में लापता मामलों में किशोर लड़कियों की संख्या सबसे ज्यादा है। एक तरफ दिल्ली पुलिस के ताजा आंकड़ों ने चिंता बढ़ाई हुई है, दूसरी ओर यूपी के जौनपुर से 3 बहनों के लापता होने की खबर मिली है। जिससे यूपी में गायब हुए लोगों के आंकड़ों पर भी ध्यान जाता है। रिपोर्ट्स में हैरान कर देने वाली संख्या आई सामने।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Missing Persons Cases, Missing Girls
पुरुषों से ज्यादा लापता लेडीज | Image: AI

Missing Persons Cases: एक तरफ दिल्ली में लापता लोगों की बढ़ती संख्या चिंताजनक है, तो दूसरी ओर यूपी के आंकड़े भी हैरान  कर रहे हैं। प्रदेश के जौनपुर में 3 बहनें अचानक गायब हो गई हैं। तीनों फोटो कॉपी कराने बाजार गई थीं, लेकिन फिर वापस ही नहीं लौटी। बेटियों के गायब होने की खबर ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। बता दें यूपी में 2 साल के अंदर एक लाख से ज्यादा लोग लापता हो चुके हैं। साथ ही दिल्ली में सिर्फ 15 दिनों में 800 से ज्यादा लोग गायब हो चुके हैं। 

किशोर लड़कियां सबसे ज्यादा लापता

देश की राजधानी दिल्ली में नए साल की शुरुआत के साथ ही लापता होने के मामले तेजी से बढ़े हैं। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 15 जनवरी 2026 के बीच कुल 807 लोग लापता हुए हैं। इनमें से 509 महिलाएं और लड़कियां थीं, जबकि पुरुषों के 298 लापता होने के मामले दर्ज किए गए हैं। यानी कुल मामलों में लगभग दो-तिहाई महिलाओं और लड़कियों के हैं। इसके हिसाब से औसतन हर दिन 54 लोग लापता हो रहे हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ये आंकड़े दिखाते हैं कि किशोर लड़कियां सबसे ज्यादा गायब हो रही हैं। पिछले सालों में भी दिल्ली में महिलाओं के लापता होने का आंकड़ा 60  प्रतिशत बढ़ा है।

जौनपुर में तीन बहनें हुईं लापता

वहीं अब यूपी के जौनपुर में तीन बहनों का लापता होना चिंता का विषय है। सुरेरी थाना क्षेत्र के कमरुद्दीनपुर गांव की ये तीन लड़कियां गायब हुई हैं। जिनमें शिल्पी चौहान (19), शिवांगी चौहान (18) और उनकी चचेरी बहन रिया चौहान (11) है। 3 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे तीनों बहनें आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने बाजार गई थीं। देर रात तक वापस नहीं लौटीं तो परिवार ने खोजबीन शुरू की। परिजनों ने सुरेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है। अभी तक तीनों बहनों में से किसी का कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित रहने की सलाह

फिलहाल लापता लोगों को ढूंढने के लिए पुलिस लगातार ट्रेसिंग की कोशिश कर रही है। वहीं, लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। अगर कोई लापता हो तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं।  तुरंत फोटो, मोबाइल नंबर और डिटेल्स पुलिस को दें। सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रुप्स में जानकारी शेयर करें। अगर वक्त रहते कार्रवाई की जाती है तो लापता हुए इंसान को वापस ढूंढने की गुंजाइश ज्यादा रहती है। फिलहाल बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित रहने की सलाह दी जाती है। ये आंकड़े समाज की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल उठा रहे हैं।

Advertisement

यह भी पढ़ें: BREAKING: केरल के पलक्कड़ से भारी मात्रा में विस्‍फोटक बरामद

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड