गाजियाबाद पुलिस ने सूर्या के हत्यारे असद को एनकाउंटर में किया ढेर, बकरीद के दिन 'बकरे की बलि' की बात कह चाकू मारकर की थी हत्या
Surya Chauhan Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन सूर्या चौहान की हत्या मामले का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर हो गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
- भारत
- 3 min read

Ghaziabad news: गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन 17 साल के युवक की चाकू से गोदकर हत्या मामले में मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर हो गया है। आरोपी ने पुलिस पर गोलियां चलाई, इसके बाद जवाबी फायरिंग में असद को गोली लग गई। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने किसी दोस्त से पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला है, जिसके बाद उसका शहर छोड़ने का प्लान था। पुलिस ने उसे दबोचने के लिए एक जाल बिछाया।
जवाबी फायरिंग में असद को लगी गोली
असद मोटरसाइकिल पर सवार होकर जैसे ही वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस दौरान उसके साथ एक और शख्स मौजूद था। पुलिस के मुताबिक उन्होंने असद से रुकने को कहा, लेकिन उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई इस फायरिंग में असद को गोली लग गई। वो गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया है। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है।
गाजियाबाद पुलिस ने घटनास्थल से बाइक को बरामद कर लिया है। असद के पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद हुआ है, जिससे उसने पुलिस पर फायरिंग की थी। हालांकि एनकाउंटर के दौरान मोटरसाइकिल पर असद के साथ मौजूद अन्य शख्स मौके से भागने में कामयाब रहा। वहीं, इस मामले में तीन आरोपी फरहान, आसिफ और नवाब को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
Advertisement
एनकाउंटर के बाद क्या बोलीं सूर्या की मां?
सूर्या के परिवारवाले पहले ही आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहे थे। ऐसे में अब आरोपी असद के मारे जाने पर सूर्य की मां सरोज ने कहा कि मैंने तो बस एक ही व्यक्ति का एनकाउंटर देखा है, लेकिन मैं असद की तस्वीर देखना चाहती हूं। तस्वीर देखने के बाद ही मुझे तसल्ली मिलेगी। बाकियों का एनकाउंटर भी इसी तरह होना चाहिए। सात लोगों ने मेरे बेटे के साथ ऐसा किया। सबके घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
घटना बकरीद के दिन 28 मई की है। दोपहर करीब साढ़े 3 बजे थाना क्षेत्र खोड़ा में नाबालिग हिंदू युवक सूर्या चौहान की चाकू से गोदकर हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से हुए घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 29 मई को दोपहर लगभग 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
Advertisement
घटना का मुख्य कारण करीब 8 महीने पुराना मामूली विवाद और पुरानी रंजिश थी। मुख्य आरोपी असद और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए बकरीद के दिन सूर्या को 'कुर्बानी देखने' के बहाने घर बुलाया था और चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी।