कहीं उखड़े पेड़, कहीं गिरी दीवारें... UP में आंधी-तूफान ने मचाई भारी तबाही, करीब 100 लोगों की मौतें; CM योगी ने दिए ये निर्देश

Uttar Pradesh: यूपी में जानलेवा आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। पूरे प्रदेश में 96 लोगों की मौत हो गई। अकेले प्रयागराज में 17 लोगों की जान चली गई।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
UP Storm Deaths
यूपी में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही | Image: ANI

UP Storm: बुधवार (13 मई) को उत्तर प्रदेश में तूफान आफत बनकर आया। आंधी-तूफान ने यूपी के अलग-अलग जिलों में भयंकर तबाही मचाई। कहीं पेड़ उखड़कर गिर पड़े, तो कहीं घरों की दीवारें जमींदोज हो गई। इसकी चपेट में आने से पूरे प्रदेश में करीब 100 लोगों की मौत हो गई है।

कहां कितने लोगों की हुई मौत?

यूपी में कई जगहों पर बुधवार को अचानक मौसम ने करवट ली। यहां आंधी-तूफान मौत बनकर आया। आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं की वजह से प्रयागराज, प्रतापगढ़, भदोही, फतेहपुर, उन्नाव, कानपुर देहात, चंदौली, सोनभद्र और बदांयू जिलों में भारी तबाही मची। यूपी में आंधी-तूफान से 96 लोगों की मौत हो गई। अकेले भदोही के 18, प्रयागराज में 17 लोगों की मौत हुई है। वहीं, मिर्जापुर में 15, फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में छह-छह, बरेली, प्रतापगढ़ में चार-चार, सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में 2-2 लोगों की मौत, कौशांबी, शाहजहांपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। 

प्रयागराज में भारी बारिश और तेज तूफान से हुई मौतों में आठ पुरुष, पांच महिलाएं, चार बच्चे शामिल हैं। तूफान में पांच अन्य लोग घायल भी हुए हैं। इसके अलावा तूफान से 20 मवेशी भी मारे गए। इस दौरान कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

पेड़ गिरने की कई घटनाएं हुईं

वहीं, भदोही में भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जान गंवाई। इस दौरान पेड़ गिरने की कई घटनाएं हुई। भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के खरगसेनपट्टी में एक मकान पर पेड़ गिरने की वजह से एक महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। वहीं, औराई थाना क्षेत्र में पेड़ गिरने से उसके नीचे खड़े लोगों काल के गाल में समा गए।

Advertisement

CM योगी ने 24 घंटे में राहत पहुंचाने के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित इलाकों का तुरंत दौरा करें और पीड़ितों को हर तरह की मदद मुहैया कराएं। साथ ही मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में बेमौसम बारिश, तूफान और बिजली गिरने से हुए नुकसान वाले परिवारों को तुरंत मुआवजा देने के भी निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया है कि पीड़ितों तक राहत सामग्री और मदद पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में फिर निर्भया जैसा कांड! पैदल चल रही महिला को अंदर खींचा; चलती बस में 2 घंटे तक गैंगरेप

Advertisement
Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड