अपडेटेड 13 March 2026 at 21:04 IST
Bijnor: रहस्यमय तरीके से लापता हुईं छह नाबालिग लड़कियां, परिजनों को मोबाइल पर मिला एक मैसेज और फिर नंबर बंद
UP News : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से 12 मार्च शाम को परीक्षा के बाद छह नाबालिग लड़कियां रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं। एक के फोन की लोकेशन हरिद्वार में ट्रेस हुई। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की है।
- भारत
- 2 min read

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में छह नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। यह घटना 12 मार्च 2026 को शाम करीब 5:15 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, ये सभी लड़कियां परीक्षा देकर लौटने के बाद अचानक गायब हो गईं।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज करली है। FIR के अनुसार यह मामला बिजनौर जिले के चांदपुर थाने में 12 और 13 मार्च की दरम्यानी रात 12:21 बजे दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 137(2) के तहत दर्ज किया है।
लापता लड़कियों में से एक की पहचान 16 वर्षीय अंतरा चंद्रा के रूप में हुई है, जो मुनीश चंद्रा और संतोष चंद्रा की बेटी है। उसके साथ जिन अन्य लड़कियों के होने की बात कही जा रही है उनमें मानसी, लक्ष्मी, वर्णिका, वैष्णवी और रिंकी शामिल हैं। परिवारों के अनुसार सभी छह लड़कियां नाबालिग हैं।
परिजनों को मिला एक मैसेज
रहस्यमय तरीके से लापता हुई लड़कियां चांदपुर इलाके के वैदिक इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गई थीं। परीक्षा खत्म होने के बाद वे घर नहीं लौटीं। परिवार वालों को थोड़ी देर बाद लड़कियों के फोन से एक मैसेज मिला, जिसमें लिखा था कि वे घूमने के लिए गुजरात जा रही हैं। यह मैसेज देखकर परिवार वाले हैरान रह गए, क्योंकि किसी लड़की ने पहले ऐसी कोई योजना नहीं बताई थी।
Advertisement
मैसेज भेजने के तुरंत बाद सभी लड़कियों के मोबाइल फोन बंद हो गए। परिवार ने उन्हें आसपास ढूंढने की बहुत कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार देर रात चांदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
हरिद्वार में ट्रेस हुई लोकेशन
परिजन रात करीब 10 बजे तक लड़कियों की खोजबीन करते रहे। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद बताया कि रात 1 बजे के आसपास एक लड़की के फोन की लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार में ट्रेस हुई है। परिवार को उम्मीद है कि बाकी लड़कियां भी जल्द मिल जाएंगी, लेकिन अभी तक पूरी जानकारी नहीं मिली है।
Advertisement
चांदपुर थाने के SHO ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं, ताकि जल्द से जल्द लड़कियों को सुरक्षित ढूंढा जा सके। परिवार वाले बेहद परेशान हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि मामला जल्द सुलझ जाएगा।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 13 March 2026 at 21:04 IST