Sambhal Violence: संभल हिंसा के बाद सख्त प्रशासन, स्कूल-इंटरनेट बंद, बाहरी लोगों की एंट्री बैन और...
उत्तर प्रदेश के संभल में जामा मस्जिद सर्वेक्षण के दौरान हुए बवाल के बाद सख्ती बढ़ाई है। जिले में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दिया गया है।
- भारत
- 3 min read

Sambhal Jama Masjid Sambhal Violence: उत्तर प्रदेश के संभल में जामा मस्जिद सर्वेक्षण के दौरान हुए बवाल के बाद सख्ती बढ़ाई गई है। जिले में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बैन की गई है। साथ ही स्कूल-कॉलेजों को भी बंद रखने का आदेश दिया गया है।
दरअसल, रविवार को जामा मस्जिद सर्वेक्षण के दौरान विशेष समुदाय में भारी आक्रोश देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने मस्जिद के आस-पास जमा होकर सर्वेक्षण का विरोध करने की कोशिश की। इतना ही नहीं जब सर्वेक्षण जारी रहा तो भीड़ ने हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को इलाका खाली करने को कहा तो उन्होंने पथराव किया। जब इतने से भी बात नहीं बनी तो उन्होंने गाड़ियों को फूंक दिया। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने और इलाके में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा। बवाल में अबतक चार लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 20 सुरक्षाकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
संभल हिंसा के बाद लगाई गई ये पाबंदियां
जानकारी के मुताबिक, बवाल में शामिल उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए संभल में कई पाबंदियां लगाई हैं। जिला प्रशासन ने 30 नवंबर तक जिले में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। अब किसी भी बाहरी व्यक्ति, सामाजिक संगठन या जनप्रतिनिधि को जिले में दाखिल होने के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। जिलाधिकारी राजेंद्र पेसीया ने रविवार देर रात जारी एक आधिकारिक बयान में कहा कि जिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 163 के अंतर्गत 30 नवंबर तक निषेधाज्ञा लागू की गई है।
इसके अलावा संभल में एहतियात के तौर पर 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा पर रोक लगाई गई है। 25 नवंबर के लिए 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
Advertisement
संभल की जामा मस्जिद का इतिहास क्या है?
संभल की जामा मस्जिद, बाबर के 1526 और 1530 के बीच पांच साल के शासनकाल के दौरान बनाई गई 3 मस्जिदों में से एक है। अन्य दो मस्जिदों में एक पानीपत की मस्जिद है और दूसरी अयोध्या में ध्वस्त हो चुकी बाबरी मस्जिद थी।
संभल आज के समय में मुस्लिम बाहुल्य शहर है, लेकिन हिंदू शास्त्रों में इसका अलग उल्लेख मिलता है। कहा जाता है कि घोर कलयुग के समय में यहां भगवान विष्णु के एक अवतार कल्कि प्रकट होंगे। वही कलयुग का अंत करके नए युग की शुरुआत करेंगे। संभल के मौजूदा हालात में इसकी चर्चा इसलिए कि दावा होता रहा है कि संभल में जहां जामा मस्जिद बनी है, वो एक मंदिर को तोड़कर बनाई गई। 1527-28 में बाबर के सेनापति ने श्री हरिहर मंदिर को आंशिक रूप से ध्वस्त किया था।