यूपी पुलिस से हुई बड़ी चूक! सहारनपुर के सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह ओवैसी को दे दिया गार्ड ऑफ ऑनर; VIDEO से लखनऊ तक मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार को पुलिस की एक बड़ी चूक चर्चा का विषय बन गई। यहां सर्किट हाउस पर AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को पुलिसकर्मियों ने गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।
- भारत
- 2 min read
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार को पुलिस की एक बड़ी चूक चर्चा का विषय बन गई। यहां सर्किट हाउस पर AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को पुलिसकर्मियों ने गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। दरअसल, ओवैसी से पहले सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट में एक जज साहब का पहुंचने का कार्यक्रम तय था। पुलिस ने उनको सलामी देने के लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की थी। जज से पहले ओवैसी वहां पहुंच गए और पुलिसकर्मियों ने गफलत में उनको ही सलामी दे दी।
ओवैसी ने भी बाकायदा खड़े होकर पुलिस की सलामी ली और फिर आगे बढ़ गए। इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट पर सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस घटना ने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और प्रोटोकॉल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला अब लखनऊ तक चर्चा में है, वहीं पुलिस अधिकारियों ने इस मामले पर चुप्पी साध ली है।
सुरक्षाकर्मियों के साथ पहुंचे ओवैसी
दरअसल, शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के एक जज का सहारनपुर स्थित सर्किट हाउस पहुंचने का कार्यक्रम था। उनके स्वागत के लिए पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर की व्यवस्था की गई थी। इसी बीच आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस पहुंच गए। वह अंदर एक कमरे में बैठे थे। करीब 20 मिनट बाद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ वहां पहुंचे।
Advertisement
काफिला देखकर भ्रमित हो गए पुलिसकर्मी
ओवैसी के काफिले और सुरक्षाकर्मियों को देखकर पुलिसकर्मी कथित तौर पर भ्रमित हो गए। जज के लिए तैयार खड़ी पुलिस टुकड़ी ने ओवैसी को ही सलामी दे दी। इस तरह जिस औपचारिक सम्मान की तैयारी सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए की गई थी, वह गलती से राजनीतिक दल के प्रमुख को दे दिया गया।
Advertisement
क्या होता है गार्ड ऑफ ऑनर?
बता दें कि गार्ड ऑफ ऑनर एक औपचारिक पुलिस और सैन्य सम्मान है। इसमें निर्धारित वर्दी और अनुशासन में तैनात जवान किसी विशिष्ट अतिथि या संवैधानिक पदाधिकारी को परेड के माध्यम से सम्मान देते है। यह सम्मान तय प्रोटोकॉल के तहत ही दिया जाता है। सामान्य तौर पर यह राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और अन्य पात्र विशिष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है। सहारनपुर की इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। पुलिस की इस चूक को लेकर अब कई सवाल उठ रहे हैं।