25 लाख दीयो से जगमगाई रामनगरी अयोध्या, भव्य दीपोत्सव में बने ये दो वर्ल्ड रिकॉर्ड
Ayodhya Deepotsav: रामनगरी अयोध्या बुधवार को दीयो से जगमग हो उठी। दिवाली से एक दिन पहले सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख दीये जलाए गए।
- भारत
- 3 min read

Ayodhya Deepotsav: रामनगरी अयोध्या (Ayodhya) बुधवार को दीयो से जगमग हो उठी। दिवाली से एक दिन पहले सरयू नदी (Saryu River) के 55 घाटों पर 28 लाख दीये जलाए गए। इसी के साथ अयोध्या ने दो नया रिकॉर्ड (Ayodhya New Record) बना लिया है।
सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी सहित 55 घाटों पर दो रिकॉर्ड बनाए गए। यहां अयोध्या ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। दरअसल, 30 अक्टूबर को अयोध्या में सरयू नदी के तट पर 25 लाख 12 हजार 585 दीयों का प्रज्जवलन किया गया। इसके साथ ही 1,121 'वेदाचार्य' (धार्मिक ग्रंथों के शिक्षक) ने एक साथ 'आरती' की। वहीं इस दौरान दीयों की गिनती ड्रोन के जरिए की गई।
1 हजार 121 लोगों ने साथ में आरती कर बनाया रिकॉर्ड
‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ के निर्णायक प्रवीण पटेल ने बुधवार शाम को नए रिकॉर्ड की घोषणा की, जहां वे ‘गिनीज कंसल्टेंट’ निश्चल भरोट के साथ वेरिफिकेशन के लिए आए थे। इस दौरान पटेल ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और सरयू आरती समिति सबसे अधिक 1,121 लोगों द्वारा आरती करने के लिए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ के खिताब धारक हैं।'
25 लाख से ज्यादा दीयों से जगमगाई अयोध्या
दूसरे रिकॉर्ड के बारे में गिनीज निर्णायक दल ने कहा, 'कुल 25,12,585 दीये जलाकर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, सबसे अधिक दीयों के एक साथ प्रज्वलन के लिए नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के खिताब धारक हैं।'
Advertisement
उन्होंने आगे कहा कि अयोध्या में एक साथ सबसे ज्यादा लोगों द्वारा आरती और दूसरे सबसे अधिक दीयों का प्रज्वलन कर दो ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ बने हैं। एक साथ सबसे ज्यादा लोगों द्वारा आरती एक बिल्कुल नया रिकॉर्ड है। वहीं दीयों के प्रज्वलन का मौजूदा रिकॉर्ड 22 लाख 23 हजार 676 (22.23 लाख) दीये का था। अयोध्या ने दोनों रिकॉर्डों के लिए दिशा-निर्देशों का पालन कर ये कीर्तिमान रचा है।
पहली बार 1,121 वेदाचार्यों ने की आरती
जान लें कि राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद इस पहले दीपोत्सव पर इस बार उत्तर प्रदेश सरकार ने अनूठी पहल की। पहली बार 1,121 वेदाचार्यों ने एक साथ सरयू नदी की आरती की।
Advertisement
वहीं सीएम योगी ने भी बुधवार शाम सरयू नदी की आरती की। इस मौके पर 1,121 वेदाचार्य एक ही रंग के परिधान में एक स्वर में आरती करते रहे। एक बयान के अनुसार, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में यूपी के इस 'भव्य दीपोत्सव' को देखा गया। एक साथ एक जगह पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलन को विश्व कीर्तिमान का दर्जा दिया।
‘श्री राम’ के जयघोष के साथ जलाए गए दीये
बता दें कि दीप प्रज्ज्वलन शुरू होते ही 'श्री राम जय राम जय जय राम' के जयघोष के साथ एक-एक कर 25 लाख 12 हजार 585 दीप जलाए गए। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों द्वारा कीर्तिमान रचने की घोषणा के साथ ही पूरी अयोध्या 'जय श्री राम' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाण पत्र सौंपे जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या, प्रदेशवासियों और देशवासियों का अभिवादन किया। साथ ही इस उपलब्धि पर सभी को शुभकामनाएं दीं।