UP: 'सपा अपने बुने जाल में फंस गई, 2027 में भाजपा प्रचंड बहुमत से...', राज्यसभा चुनाव से पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान
आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए आज BJP के 8 उम्मीदवारों के नामांकन पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, 'सभी वर्गों को एक साथ एक माला में पिरोकर नेतृत्व ने अच्छा कदम उठाया है।'
- भारत
- 3 min read

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव के लिए आज, 6 अक्टूबर को नामांकन का आखिरी दिन है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी आठ उम्मीदवार लखनऊ में नामांकन दाखिल किया। समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशियों का नामांकन पहले ही दाखिल हो चुका है और तीसरे पर फिलहाल सस्पेंस बरकरार है। इस बीच उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक बार फिर BJP प्रत्याशियों की जीत का दावा ठोकते हुए सपा पर निशाना साधा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने बुने जाल में ही फंस चुकी है।
बीजेपी ने आखिरी समय में अपने पत्ते खोलते हुए सोमवार को सभी आठ प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया था। उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, विद्यासागर सोनकर, राम प्रताप सिंह चौहान, प्रियंका सिंह रावत, राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडेय, श्रुति गंगवार और प्रकाश पाल शामिल हैं। आज सभी प्रत्याशियों ने सीएम और दोनों डिप्टी सीएम की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
हमने सभी वर्गों को एक माला में पिरोया है- ब्रजेश पाठक
आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए आज BJP के 8 उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने पर UP के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा, "मैं अपने केंद्रीय नेतृत्व का बहुत आभारी हूं। उन्होंने सोच-समझकर बेहतरीन उम्मीदवार उतारे हैं। समाज के सभी क्षेत्रों और वर्गों को समान प्रतिनिधित्व मिला है। सभी वर्गों को एक साथ एक माला में पिरोकर नेतृत्व ने अच्छा कदम उठाया है। मैं वास्तव में अपने नेतृत्व का आभारी हूं। मैं सभी प्रत्याशियों को बधाई देता हूं।"
समाजवादी पार्टी अपने बुने जाल में ही फंस गई- ब्रजेश पाठक
वहीं, समाजवादी पार्टी द्वारा तीसरा उम्मीदवार न उतारने पर ब्रजेश पाठक ने तंज कसते हुए कहा, "एक 'P' का मतलब 'परिवार' था और 'D' का मतलब 'धनराज' (पैसा) था। अच्छी बात है कि उन्होंने 'A' यानी 'अपराधी' को नहीं उतारा। समाजवादी पार्टी अपने बुने जाल में फंस चुकी है। उनका समाजवाद का खोखला नारा पूरी दुनिया ने देख लिया है। 2027 में भी प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा आ रही है।"
Advertisement
बीजेपी की लिस्ट में किस-किस का नाम
बता दें कि बीजेपी की लिस्ट में सामाजिक समीकरण का ध्यान रखा गया है। 3 ओबीसी, 2 दलित, 2 ब्राह्मण और 1 ठाकुर समुदाय के उम्मीदवार को मौंका मिला है। रेस में स्मृति ईरानी, कुमार विश्वास और हरदीप सिंह पुरी जैसे नेताओं का नाम चल रहा था। श्रुति गंगवार और प्रियंका सिंह रावत दो महिला उम्मीदवार शामिल हैं। श्रुति गंगवार पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की बेटी हैं।