अपडेटेड 2 July 2025 at 16:13 IST
UP News: लखनऊ में राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने क्यों किया हाई वोल्टेज ड्रामा? CCTV आया सामने
Bhanvi Singh uproar : हजरतगंज पुलिस के अनुसार, यह एक पारिवारिक विवाद था और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने भानवी सिंह को समझाकर वापस भेज दिया।
- भारत
- 2 min read
Raja Bhaiya Bhanvi Singh : उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह फिर सुर्खियों में हैं। लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट में मंगलवार देर रात एक हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यह घटना तब शुरू हुई जब प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह अपनी मां से मिलने अपार्टमेंट पहुंचीं, लेकिन परिवार वालों ने उनके लिए घर का दरवाजा नहीं खोला, जिसके बाद गुस्से से लाल भानवी सिंह ने अपार्टमेंट परिसर में जमकर हंगामा किया।
भानवी सिंह का अपार्टमेंट के बाहर खड़े एक CCTV भी सामने आया है। भानवी सिंह देर रात सिल्वर ओक अपार्टमेंट में अपनी मां और बहन साध्वी सिंह के घर पहुंची थीं। उन्होंने कई बार दरवाजे की घंटी बजाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला और दरवाजा नहीं खोला गया। इससे नाराज भानवी सिंह ने गेट के बाहर खड़े होकर शोर-शराबा शुरू कर दिया। बताया जाता है कि इस दौरान उनकी छोटी बहन साध्वी सिंह के साथ तीखी बहस भी हुई।
पुलिस ने संभाली स्थिति
भानवी सिंह ने इतना हंगामा किया कि हजरतगंज पुलिस को मौके पर आना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने भानवी सिंह को समझा-बुझाकर वापस भेजने की कोशिश की। काफी देर तक चले इस हंगामे के दौरान अपार्टमेंट के रहवासियों और स्टाफ में तनाव का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस घटना ने पूरे परिसर में हड़कंप मचा दिया। यह पूरी घटना अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई, जिसका फुटेज सामने आया है।
पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि
भानवी सिंह और राजा भैया के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। दोनों के बीच तलाक का मामला दिल्ली के साकेत कोर्ट में विचाराधीन है। भानवी सिंह ने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें घरेलू हिंसा और अन्य गंभीर मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा, भानवी सिंह का अपनी छोटी बहन साध्वी सिंह के साथ भी तनावपूर्ण रिश्ता रहा है। भानवी सिंह ने साध्वी सिंह पर आरोप लगाए थे कि राजा भैया के साथ उनके अवैध संबंध थे।
Advertisement
सिल्वर ओक अपार्टमेंट में हुई इस घटना ने एक बार फिर भानवी सिंह और उनके परिवार से जुड़े विवादों को सामने ला दिया है। यह मामला न केवल व्यक्तिगत स्तर पर, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी चर्चा का केंद्र बन गया है। फिलहाल, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 2 July 2025 at 16:11 IST