'नारी है सहज...जब बन जाती चंडी वह',राजा भैया की पत्नी के ताबड़तोड़ पोस्ट से UP में बढ़ी सियासी हलचल
UP News: राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने राजनीति में उतरने का संकेत दिया। इसके बाद से लगातार भानवी सिंह के हर कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।
- भारत
- 2 min read

Bhanvi Singh: आजकल रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के बयान उत्तर प्रदेश में सियासी धड़कनों को बढ़ा रहे हैं। 'न्याय की जंग' के साथ पिछले दिन भानवी सिंह ने राजनीति में उतरने का संकेत दिया। इसके बाद से लगातार भानवी सिंह के हर कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं। हालांकि भानवी सिंह ने एक और पोस्ट से कह दिया है कि उनकी लड़ाई रुकने वाली नहीं है।
लोक जनसत्ता दल के अध्यक्ष और कुंडा से विधायक राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह कुछ समय से अलग रहते हैं। अदालत में तलाक का मुकदमा चल रहा है। उन्होंने अपने देवर और MLC अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दायर किया हुआ है। फिलहाल कथित तौर पर मामलों में सुस्त जांच को लेकर भानवी निराश हैं और सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपनी बात रख रही हैं। इसी क्रम में भानवी ने नए पोस्ट में 4 पंक्तियों के जरिए उन्होंने अपनी बात रखी है। भानवा सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा है- 'नारी है सहज, सरल, रखती सबका ख्याल। बन जाती चंडी वही, जब सम्मान पर उठे सवाल।। इसी भाव के साथ …ना रुकना है ना थकना है। चलना है बस चलना है।।'
राजनीति में उतरने की खबरें
पारिवारिक झगड़े के बीच पिछले दिन भानवी सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसमें लिखा- 'कभी कभी सोचती हूं जब रियासत, राजघरानों से संबंधित महिलाओं को अपने सम्मान, गरिमा की रक्षा के लिए इतना संघर्ष करना पड़ता है। सरकार से याचना करनी पड़ती है और एक आईओ भी किसी की शह पर धमकी भरी भाषा में बात कर सकता है तो आम महिलाओं के साथ क्या होता होगा? अपनी व्यक्तिगत लड़ाई मैं जरूर लड़ूंगी, लेकिन महिला हितों के लिए बड़ी लड़ाई का भी संकल्प लेकर जल्द मैदान में उतरूंगी। उचित समय का इंतजार कीजिए।'
भावनी सिंह के इस पोस्ट से कई मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि भानवी राजनीति में भी उतर सकती हैं। पोस्ट में उन्होंने महिला अधिकारों की लड़ाई लड़ने की बात भी कही है, जिससे इस बात का संकेत मिल रहा है, आने वाले दिनों में भानवी पूर्ण रूप से सियासी पिच पर बैटिंग कर सकती है।