LPG Crisis: घर में घुसे चोर, सोना-चांदी छोड़ सिलेंडर पर किया हाथ साफ; हर तरफ हो रही प्रयागराज के इस कांड की चर्चा
Gas Cylinder Theft: अब चोरों की नजर गहनों से भरी तिजोरी पर नहीं है, बल्कि रसोई पर है। प्रयागराज में एक ऐसी ही वारदात सामने आई है, जिसमें चोरों ने जंजीर से बंधे हुए सेलेंडर को भी नहीं छोड़ा।
- भारत
- 2 min read

Gas Cylinder Theft: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक अनोखी चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस के साथ- साथ आम जनता दोनों को हैरान कर दिया है। दारागंज थाना क्षेत्र के त्रिवेणी बांध इलाके में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया था। उनका असली मकसद सोना- चांदी चुराना नहीं था। आमतौर पर चोर कीमती गहनों और नकदी की तलाश में रहते हैं मगर इस मामले में चोरों ने घर में रखे जेवरातों को छुआ तक नहीं और सिर्फ रसोई गैस का सिलेंडर लेकर फरार हो गए। रसोई में पहले से ही सिलेंडर एक जंजीर से बंधा हुआ था, उसे काटकर चोर फरार हुए हैं। इसे घटना ने सभी को हैरान कर दिया है।
आधी रात को चोरों ने रसोई में बोला धावा
पीड़ित ज्ञानचंद्र शनिवार की रात अपने परिवार के साथ खाना खाकर सो गए थे। आधी रात के बाद चोरों ने उनके घर में घुस जाते हैं और सीधे रसोई में एंट्री करते हैं। घर के बाकी कमरों में कीमती सामान और जेवर मौजूद थे जिन्हें आसानी से चुराया जा सकता था लेकिन चोरों की दिलचस्पी सिर्फ गैस सिलेंडर में ही थी। सुबह जब परिवार के लोग उठे और चाय बनाने के लिए रसोई में गए तो वहां से सिलेंडर गायब देखकर उनके होश उड़ गए।
जंजीर भी नहीं रोक सकी सिलेंडर
हैरानी की बात यह है कि पीड़ित ज्ञानचंद्र दो दिन पहले ही बहुत मशक्कत के बाद गैस एजेंसी से यह सिलेंडर लेकर आए थे। शहर में चल रही गैस की किल्लत को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से सिलेंडर को लोहे की जंजीर से बांधकर रखा था। इसके बावजूद शातिर चोरों ने जंजीर काटी और गैस से भरा सिलेंडर उठाकर ले जाने में कामयाब हो गए। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी। अब लोगों को अपनी रसोई की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
पुलिस जांच जारी
प्रयागराज में सिलेंडर चोरी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी बहरिया क्षेत्र के एक कॉलेज से चोरों ने सिलेंडर और चूल्हे को गायब कर दिया था, जिसमें से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर सामान बरामद किया था। दारागंज की इस ताजा घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।