उत्तर प्रदेश में सत्ता के लिए 'जेन-जी' के भरोसे अखिलेश यादव? समाजवादी पार्टी ने लगा दिए पोस्टर- VIDEO
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर पोस्टर लगाए गए हैं। इस पर लिखा है- 'जेन-जी का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश।' इस पोस्टर ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है।
- भारत
- 2 min read

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। बीते कुछ दिनों से यूपी के चुनावी प्रयोगशाला कहे जाने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश की रणनीतिक भूमि में सभी राजनीतिक दलों की हलचलें देखने को मिल रही है। इस बीच, समाजवादी पार्टी के मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टर ने सभी का ध्यान खींच लिया।
दरअसल, गुरुवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर पोस्टर लगाए गए हैं। इसमें अखिलेश यादव की बड़ी सी तस्वीर छपी नजर आ रही है। इस पर लिखा है- 'जेन-जी का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश।' पोस्टर के सामने आने के बाद इसने प्रदेश में नई चर्चा छेड़ दी है। बताया जा रहा है कि इस पोस्टर को सरोजिनी नगर विधानसभा से केशव प्रसाद रावत ने लगवाया है।
सपा छात्रसभा की नई ड्रेस लॉन्च
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा की फ्रंटल विंग समाजवादी छात्रसभा के पदाधिकारी और सदस्यों के लिए नई ड्रेस लॉन्च की थी। पार्टी ऑफिस में छात्रसभा के कार्यकर्ता नीली टीशर्ट, नीली जींस और लाल टोपी में नजर आए थे। इसके जरिये उन्होंने संदेश दिया कि अब उनकी पार्टी की नजर नई पीढ़ी पर है।
नई पीढ़ी की नई सोच- अखिलेश यादव
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा था कि नीला रंग बहुजन समाज के साथ आइडियॉलजी का भी है। नई पीढ़ी की नई सोच होती है। उन्होंने छात्र सभा के कार्यक्रम के दौरान कहा कि पार्टी अब नई पीढ़ी के छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करने की तैयारी कर रही है।
Advertisement
सपा चलाएगी जागरूकता अभियान
अखिलेश यादव ने बताया कि संवाद के तहत दो सप्ताह के छात्र जागरूकता अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा था कि अभियान के दौरान कॉलेज, विश्वविद्यालय और हॉस्टल में जाकर छात्रों से बातचीत की जाएगी और उनकी समस्याओं और विचारों को समझने की कोशिश होगी।
यह भी पढ़ें: 'इसकी जानकारी आपको होनी चाहिए...', जब राहुल गांधी और योगी के मंत्री के बीच हुई तीखी नोकझोंक, VIDEO हुआ वायरल