'गुड मॉर्निंग अखिलेश जी उठ जाइए...', ओपी राजभर ने ली फिरकी, तो सपा प्रवक्ता बोले- जल्दी ही इलाज नहीं हुआ, तो बीमारी लाइलाज हो सकती है
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने ओपी राजभर पर तंज कसते हुए कहा कि जल्दी ही एडमिट करके इलाज नहीं किया गया तो ये बीमारी लाइलाज हो जाएगी!
- भारत
- 3 min read

Fakhrul Hasan Chaand: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सोशल मीडिया पर एक बार फिर जुबानी तीर चले हैं। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर पर पलटवार करते हुए उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अगर राजभर का जल्दी ही इलाज नहीं हुआ, तो उनकी बीमारी लाइलाज हो सकती है।
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने ओपी राजभर के उस X पोस्ट को रीपोस्ट किया जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव पर हमला बोला था। फखरुल हसन ने तीखा पलटवार करते हुए लिखा, 'नूर मंजिल मानसिक चिकित्सालय के डॉक्टर नायडू जी ने बताया कि जल्दी ही एडमिट करके इलाज नहीं किया गया तो ये बीमारी लाइलाज हो जाएगी! ओम प्रकाश जी के जल्दी स्वास्थ्य होने कि ईश्वर से प्रार्थना करते है!'
ओपी राजभर ने अखिलेश को लेकर किया ट्वीट
इससे पहले ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को निशाने पर लिया था। उन्होंने कहा कि दादरी की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि उस फ्लॉप रैली के बाद अखिलेश यादव हताश हो चुके हैं और उनकी राजनीतिक जमीन खोखली हो गई है।
दादरी रैली पर ली फिरकी
राजभर ने एक्स पर लिखा, 'गुड मॉर्निंग अखिलेश जी। उठ जाइए, सुबह हो चुकी है। कितना सोयेंगे महाराज। अच्छा सुनिए। आज मैंने सपने में देखा कि आप चुनाव तक आराम की मुद्रा में ही रहने वाले हैं। यानी ऐसे ही सोए रहेंगे। सपने से याद आया कि दादरी की फ्लॉप रैली के बाद आपको समझ आ गया कि आपकी जमीन अब खोखली हो चुकी है। इसीलिए कोई रैली नहीं कर रहे हैं।'
Advertisement
उन्होंने आगे लिखा, 'आपके ही 'खासमखास' लोग बता रहे हैं कि उस रैली का हश्र देखकर आप अब कोई दूसरी रैली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। आप निराश और हताश हो चुके हैं। उठ जाइए महाराज। हम तो आपके मित्र हैं। मित्रता की वजह से आपकी चिंता रहती है।'
यादव-मियां के वोट से काम नहीं बनेगा- राजभर
राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने तंज कसते हुए आगे कहा कि सिर्फ 'MY' के वोट बैंक या ट्विटर और एसी कमरों की राजनीति से अब काम नहीं चलने वाला है। उन्होंने लिखा, 'सिर्फ यादव और मियां भाई के वोट से काम नहीं बनेगा मित्र। ना ट्विटर, एसी-पीसी काम करेगा। इसलिए उठ जाग मुसाफिर भोर भयो।'