आजम खान जेल से बाहर, फिर भी अखिलेश यादव ने नहीं की मुलाकात? ओपी राजभर ने पूछा- सब ठीक है ना?
ओपी राजभर ने कहा कि आजम खान की रिहाई से अखिलेश यादव को कुछ खास खुशी नहीं हुई है। साथ ही सवाल उठाया कि आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद अब तक उन्होंने कोई मुलाकात क्यों नहीं की।
- भारत
- 4 min read

OP Rajbhar Attacked on Akhilesh Yadav: सुभासपा प्रमुख और यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा है कि वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई से सपा मुखिया को कोई खास खुशी नहीं हुई है। राजभर ने रिहाई के बाद आजम खान से कथित तौर पर बातचीत न करने को लेकर अखिलेश को घेरा है।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'मित्र अखिलेश यादव जी। सुबह की राधे राधे। चचाजान (आजम खान) कुछ दिन के लिए जेल से बाहर आए हैं, लेकिन ऐसा लग रहा जैसे उनके बाहर आने से आपको कुछ खास खुशी नहीं हुई!'
सब ठीक है ना- ओपी राजभर
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने अब तक आजम खान से मुलाकात के लिए समय नहीं निकाला है। इतना ही नहीं, उन्हें स्वर्गीय 'नेताजी' (मुलायम सिंह यादव) की जयंती पर लखनऊ भी नहीं बुलाया गया। आखिर सब कुछ ठीक तो है न? राजभर ने तंज कसते हुए लिखा, 'जब आप अपने पिता जी और सगे चच्चू को कुछ नहीं समझे तो नेतागीरी वाले रामपुरी चचा (आजम खान) का क्या ही कहना। वो तो फिर भी 'दूर वाले' हैं।
MY समीकरण की आलोचना की
राजभर ने सपा के MY (मुस्लिम-यादव) समीकरण की आलोचना की और आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जिस एम-वाई समीकरण को 'भाईचारा' कहते हैं, असल में उसमें 'भाई' के रूप में कंसवादी लोग ही 'स्थाई' हैं। बस 'चारा' का चेहरा बदलता रहता है, जो कभी आजम थे और अब कोई दूसरा हो गया है।
Advertisement
आजम खान को लेकर क्या बोले?
उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि कहीं अखिलेश यादव को यह तो नहीं लगने लगा है कि 'चचाजान दग चुकी हुई गोली' (एक बेकार कारतूस) बन चुके हैं? कभी यही चचाजान सैफई सिंडिकेट के लिए पश्चिमी यूपी का पूरा पॉलिटिकल अंडरवर्ल्ड संभाला करते थे!
ओपी राजभर ने आगे लिखा कि 'चचा को 'तनखइया' से जूते साफ कराने का ऐसा शौक चढ़ा कि आज दगे हुए कारतूस बने घूम-टहल रहे हैं। सुनने में आया है कि चचाजान इंटरव्यू देकर कहते फिर रहे हैं कि वो अब 'बिकने' को तैयार हैं, बस कोई सही दाम देकर खरीद ले।
Advertisement
राजभर ने अखिलेश यादव को चेताया
उन्होंने अखिलेश यादव को सावधान किया कि वे संभल कर रहें क्योंकि खान साहब (आजम खान) को खरीदने के लिए मार्केट में दाढ़ी वाला और मूंछवाला पहले से ही नजर बनाए हुए है। अगर वे बिक गए तो फिर मत कहना कि आपके मित्र ने बताया नहीं।