'कहां गया आपका PDA? बीजेपी की सरकार होती तो अब तक लगा चुके होते कई चक्कर', रांची छात्र आंदोलन को लेकर अखिलेश यादव पर भड़के ओपी राजभर
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए उनसे रांची छात्र आंदोलन में शामिल होने से जुड़ा सवाल किया। साथ ही तंज कसा कि वे वहां नहीं जाएंगे, लेकिन अगर बीजेपी की सरकार होती तो घड़ियाली आंसू बहाने के लिए अब तक कई चक्कर लगा चुके होते।
- भारत
- 3 min read

OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की योगी सराकर में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसा है। उन्होंने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या आप झारखंड जा रहे हैं? आप वहां नहीं जाएंगे, क्योंकि वहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार जो नहीं है। अगर होती तो अपने घड़ियाली आंसू बहाने जरूर जाते।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखे अपने पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते किया। उन्होंने झारखंड में जारी jpsc और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों के आंदोलन का जिक्र किया और लिखा, 'मित्र अखिलेश जी, झारखंड जा रहे हैं क्या? नहीं जायेंगे ना? हो आइए महाराज, आप चार्टर से चलने वाले इंसान हैं। लखनऊ से लगभग डेढ़ घंटा और दिल्ली से करीब दो घंटे ही लगेंगे। आप मित्र हैं इसलिए कह रहा हूं कि हो आइये, थोड़े झूठे आंसू बहा आइए ताकि लगे कि आप सच में छात्रों के हितैषी हैं।'
BJP सरकार होती तो घड़ियाली आंसू बहाते- राजभर
उन्होंने आगे तंज कसते हुए लिखा कि वहां बीजेपी की सरकार नहीं हैं इसलिए आप भी नहीं जाएंगे। अगर बीजेपी की सरकार होती तो जरूर घड़ियाली आंसू बहाने अब तक कम से कम एक दो चक्कर मार चुके होते। आपके मित्र राहुल गांधी जी भी जाकर छात्रों को बताते कि वो उनके साथ हैं लेकिन झारखंड के छात्र कोई छात्र थोड़ी ना हैं। झारखंड में बीजेपी की सरकार होती तो आपके सांसद भी छात्रों के बीच जाकर रील बनवाते जरूर नजर आ जाते।
'छात्रों के साथ भेदभाव करता है विपक्ष'
राजभर ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि कैसे लोग हैं आप? छात्रों के साथ भी भेदभाव करते हैं? हमने तो छात्रों के सामने झुकना खुशी-खुशी स्वीकार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जगह देखकर तय करते हैं कि किसके साथ खड़े रहना है और किसे उनके हाल पर छोड़ देना है। जैसे झारखंड के बच्चों को छोड़ दिया गया है।
Advertisement
कहां गया आपका पीडीए- अखिलेश से सवाल
इतना ही नहीं, वे सपा के PDA फॉर्मूले पर भी तीखा हमला करने से नहीं चूके। उन्होंने लिखा, 'कहां गया आपका पीडीए? झारखंड में जो लाठी खा रहे हैं वो सब उसी पीडीए समाज वाले हैं, जिसके नाम पर आप दो साल से झूठ गढ़ रहे हैं। पूरा विपक्ष उन छात्रों के बारे में वैसे ही खामोश बैठा है जैसे ममता बनर्जी के राज में हिंदुओं की पिटाई पर चुप्पी साधे रखा था।'
जनता का न्याय होकर रहेगा- राजभर
इस दौरान राजभर ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता न्याय करेगी। झारखंड पर आपके और प्रयागराज आकर छात्रों की गूंज सुनाने की फर्जी कोशिश करने वाले राहुल जी के स्टैंड को देखकर लोग आपके 'चरित्र' को बखूबी समझ चुके हैं। न्याय होगा और होकर रहेगा।