'प्रिय राजा बाबू, विकास के नाम पर आपको सिर्फ 'अब्दुल्लों का मोहल्ला' ही दिखा?', अखिलेश पर बरसे राजभर, बोले- आपकी सरकार में पीढ़ियां बर्बाद हुईं
ओपी राजभर ने कन्नोज में सांसद निधि के खर्च को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास के नाम पर आपको सिर्फ 'सपाई अब्दुल्लों का मोहल्ला' ही दिखा? उजाला सिर्फ इन्हीं की गलियों में करना है?
- भारत
- 3 min read

OP Rajbhar Attacked on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा जुबानी हमला बोला है। उन्होंने सांसद निधि के खर्च को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि इस समय कन्नौज की आपकी सांसद निधि का खर्च पूरे देश में चर्चा का विषय है। क्या विकास के नाम पर आपको सिर्फ 'सपाई अब्दुल्लों का मोहल्ला' ही दिखाई दिया? क्या उजाला सिर्फ इन्हीं की गलियों में करना है? इतना ही नहीं उन्होंने एक बार फिर समाजवादी पार्टी में टूट होने का दावा किया।
ओपी राजभर ने एक्स पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव को ‘प्रिय राजा बाबू’ कहकर संबोधित करते हुए लिखा, 'जाटव, धानुक, धोबी, लोधी की गलियों को आपने 'चांद' के भरोसे छोड़ दिया। ये सभी भी आपके ही लोकसभा क्षेत्र में रहते हैं। लेकिन हक खा जाने के मामले में आपका और आपकी पार्टी का पुराना रिकॉर्ड रहा है।' उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सपा की वजह से ओबीसी आरक्षण का सारा फायदा सिर्फ यादवों और मुस्लिमों को मिला है और बाकी पिछड़ों का हक मारा गया।
'सपा की वजह से अति पिछड़ा वर्ग ईंट-गारा ढो रहे'
उन्होंने आगे लिखा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों के कारण आज हमारे, पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, फकीर, बंजारा समेत पूरा अति पिछड़ा और दलित समाज के बच्चे ईंट-गारा ढो रहे हैं, रिक्शा चला रहे हैं या ढाबों पर प्लेट धो रहे हैं। सपा सरकार के 13 सालों में हमारी दो-दो पीढ़ियां बर्बाद हुई हैं।
'MY समीकरण में दबंगई-गुंडई साफ दिख रही'
राजभर ने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में हमें कमजोर किया गया, इसी का नतीजा है कि आज आपके मुस्लिम-यादव (MY) समीकरण में वही पुरानी दबंगई और गुंडई साफ नजर आती है, जो आपकी पार्टी की देन है। हर जगह आपके गुंडे हमें मारते-पीटते हैं। मुरादाबाद और बांदा की हमारी बहनें आज उसी प्रताड़ना को झेलने को मजबूर हैं। उनके साथ आपके गुंडे न सिर्फ 'बद्तमीजी' कर रहे हैं, बल्कि धमकी भी दे रहे हैं। आज हालात ऐसे हैं कि किसी को हिंदू होने का दर्द झेलना पड़ रहा है तो किसी को गैर यादव ओबीसी यानी कुर्मी होने की सजा भुगतनी पड़ रही है।
Advertisement
'जान देने की नौबत आई तो राजभर झुकेगा नहीं'
कैबिनेट मंत्री ने अखिलेश यादव से कहा, 'आपको दिक्कत और परेशानी ओम प्रकाश राजभर से है, तो मुझसे लड़ें। जो करना है मेरे साथ करें। अगर गैर यादव ओबीसी और दलित जातियों के हित के लिए जान देने की नौबत आई तो भी ये ओम प्रकाश न झुकेगा और न ही रुकेगा। हम अति पिछड़ों को पिटवाना और धमकाना बंद करें।'
सपा टूट कर ही रहेगी- OP राजभर
उन्होंने आगे सलाग देते हुए कहा कि गुंडई करने से समाजवादी पार्टी बचने वाली नहीं है, सपा टूट कर ही रहेगी। बचाना है तो पहले खुद में और फिर अपनी पार्टी में सुधार करिए।