अपडेटेड 18 January 2025 at 23:53 IST

गोवंश को हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए किसानों को प्रेरित करें अधिकारी : योगी आदित्यनाथ

UP CM योगी आदित्यनाथ ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि गोवंश को हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए किसानों को प्रेरित करें।

Follow : Google News Icon  
UP CM Yogi Adityanath
UP CM Yogi Adityanath | Image: PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पशुपालन विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि गोवंश को हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए किसानों को प्रेरित करें।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने गोवंश के लिए हरे चारे की अधिकाधिक उपलब्धता के लिए किसानों को प्रेरित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रेरित करने के लिए गोष्ठी का आयोजन भी किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि किसानों से हरा चारा खरीद कर गोशालाओं को उपलब्ध कराया जाए, इससे किसानों की आय में वृद्धि भी होगी। उन्होंने कहा कि जिले में हरे चारे की खपत का आंकलन किया जाए। इसके बाद मांग के अनुसार हरे चारे के उत्पादन के लिए किसान से संपर्क किया जाए। इस दौरान किसानों को हरे चारे के उत्पादन के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें उचित दर पर भुगतान भी दिया जाए। इससे हरे चारे के उत्पादन के प्रति किसानों का रुझान बढ़ेगा। साथ ही उनकी आय में भी बढ़ोत्तरी भी होगी।

योगी ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी जिलाधिकारी को दी जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भूसे और हरे चारे के लिए वेयरहाउस बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मकई, ज्वार, बाजरा और बरसीम आदि हरा चारा तीन से चार माह चल जाता है। ऐसे में इसके लिए वेयरहाउस बनाएं। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी जिलाधिकारी को सौंपने के निर्देश दिये ताकि उसकी सही तरीके से निगरानी हो सके।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने गो आश्रय स्थलों में शत-प्रतिशत सीसीटीवी लगाने, सड़क किनारे स्थित ग्रामों के पशुपालकों के गोवंशों के गले में रेडियम पट्टी लगाने, ग्रीष्म एवं शीत ऋतु से बचाव के लिए पफ पैनल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये। वहीं, निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, संबंधित उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी इन स्थलों का तय अंतराल पर निरीक्षण करते रहें।

Advertisement

सभी निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों पर कर्मचारियों की तैनाती होनी चाहिए और इनके कार्यों का सतत अनुश्रवण भी किया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों पर छायादार वृक्ष लगाए जाने के भी निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में अच्छी व्यवस्था के लिए नगर विकास और ग्राम्य विकास विभाग भी सहयोग करे।

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 18 January 2025 at 23:53 IST