UP: मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो बाइकों को कुचला; 5 साल की मासूम बच्ची समेत 5 लोगों की मौत, ड्राइवर फरार
मुजफ्फरनगर में बुधवार को एक बेकाबू रोडवेज बस ने 2 बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 5 साल की बच्ची भी शामिल है।
- भारत
- 3 min read

मुजफ्फरनगर में बुधवार को एक बेकाबू रोडवेज बस ने 2 बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 5 साल की बच्ची भी शामिल है। हादसा बुढ़ाना थाना क्षेत्र के भैसाना गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त बस बड़ौत डिपो की थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस चालक की लापरवाही और अत्यधिक तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में जान गंवाने वाले दो लोगों की पहचान इदरीश और साजिद के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई थे और कांधला के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों किसी काम से मुजफ्फरनगर आए थे। दोपहर में घर लौटते समय हादसा हो गया।
मरने वालों में जीजा-साले भी शामिल
वहीं, हादसे में मारे गए फरमान और मोमिन रिश्ते में जीजा-साले थे। फरमान अपने जीजा मोमिन और 5 साल की बेटी अल्लो के साथ मुजफ्फरनगर खरीदारी करने आया था। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, रोडवेज बस तेज रफ्तार में थी। भसाना गांव के पास मोड़ पर सामने से दो बाइक आ गईं। बस ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सड़क पर घायल लोग खून से लथपथ पड़े थे और मदद के लिए चीख रहे थे। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
Advertisement
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया हादसे का संज्ञान
मुजफ्फरनगर में हुए इस बेहद दर्दनाक और बड़े सड़क हादसे का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने इस भीषण सड़क हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
Advertisement
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सकीय सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि वे मृतकों के पीड़ित परिजनों से सीधा संपर्क और संवाद स्थापित करें और उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराएं। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की भी कामना की है।