दिल्ली के शख्स का महाकुंभ में महापाप, अवैध संबंध के लिए संगम लाकर पत्नी को मार डाला, बेटे को बोला- कुंभ में खो गई तेरी मां
दिल्ली के एक व्यक्ति ने पत्नी को आस्था की डुबकी लगवाने के बहाने प्रयागराज लाया और धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या कर दी।
- भारत
- 3 min read

Murder in Mahakumbh: महाकुंभ में एक ऐसा 'महापाप' सामने आया है जिसे जानकर आप सन्न रह जाएंगे। यहां दिल्ली के एक व्यक्ति ने पत्नी को आस्था की डुबकी लगवाने के बहाने प्रयागराज लाया और धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद उसने घर फोन कर बेटों को बताया कि उनकी मां कुंभ मेले में खो गई हैं और वापस दिल्ली आ गया। हालांकि छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान अशोक वाल्मिकी (48) के तौर पर हुई है। वो दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारी है।
पुलिस के अनुसार नई दिल्ली निवासी अशोक वाल्मीकि 17 फरवरी को पत्नी मीनाक्षी के साथ महाकुंभ आया था। संगम में स्नान के बाद उसने सेल्फी मोड में वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड किया। इसके बाद झूंसी के आजाद नगर स्थित केवट बस्ती में कमरा लिया। वहां आईडी नहीं दी. 18 फरवरी की रात पत्नी की बाथरूम में गला रेतकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
घर पर बताया कुंभ में खो गई है मीनाक्षी
19 फरवरी को अशोक जब मीनाक्षी के बिना घर पहुंचा तो लोगों ने उससे पूछताछ की। उसने बताया कि मीनाक्षी कुंभ में खो गई है। उसने अपने बेटे अश्विन से कहा कि हमने उसे बहुत ढूंढा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पिता के हाव-भाव देखकर बेटे अश्विन को शक हुआ। अगले ही दिन 20 फरवरी को अश्विन महाकुंभ नगर पहुंचा और अपनी मां की फोटो देकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
Advertisement
अश्विन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मीनाक्षी की खोजबीन शुरू की। खोया पाया केंद्र की भी मदद ली गई, पर उसका कहीं पता नहीं चला। इसी दौरान झूंसी पुलिस से जानकारी मिली कि 18 फरवरी की रात हुई महिला की हत्या की तस्वीर मीनाक्षी से मिलती है। इसके बाद पुलिस अशोक तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
अवैध संबंधों के चलते की पत्नी की हत्या
Advertisement
पूछताछ में अशोक ने बताया कि मेरा दिल्ली में एक महिला से अवैध संबंध है। इसकी भनक मीनाक्षी को हो गई थी। वह रोज इसको लेकर झगड़ती थी। इसलिए मैंने मीनाक्षी को मारने का प्लान बनाया। मैंने प्रयागराज महाकुंभ को सबसे सही स्थान चुना। मैंने सोचा पत्नी को यहां मार दूंगा और लोगों से कह दूंगा कि वह कहीं गुम हो गई है।
ऐसा लॉज ढूंढा जहां नहीं मांगी गई आईडी कार्ड
तय प्लान के अनुसार अशोक 17 फरवरी को अपनी पत्नी के साथ दिल्ली से महाकुंभ स्नान के लिए निकला। वह ऐसा कमरा खोज रहा था, जहां उससे आईडी न ली जाए और कोई कैमरा भी न लगा हो। 18 की देर रात कमरे की तलाश के दौरान उसकी मुलाकात झूंसी में सुरेंद्र बिंद से हुई। सुरेंद्र ने अपने मौसी के बेटे संजय के यहां लॉज में 500 रुपए में किराए पर कमरा दिलवाया।
यहां अशोक ने बताया कि वह दोनों पति-पत्नी हैं। मगर उनके पास आईडी नहीं है। लॉज मालिक ने उसे बगैर आईडी के कमरा दे दिया। अशोक ने बताया- रात में जब, मीनाक्षी बाथरूम में गई, तो मैं चाकू लेकर उसकी तरफ बढ़ गया। बाथरूम में ही मैंने उसकी गर्दन पर वार किया और मार डाला। इसके बाद मैं लॉज से भाग निकला।
हरिद्वार में भी की थी हत्या की कोशिश
पूछताछ में अशोक ने कबूल किया कि वह दो महीने पहले मीनाक्षी को हरिद्वार भी लेकर गया था, जहां उसने उसकी हत्या करने की कोशिश की थी। लेकिन तब वह अपने इरादे में सफल नहीं हो पाया। इस बार प्रयागराज में उसने पूरी योजना बनाकर पत्नी को मार डाला।