अपडेटेड 11 June 2025 at 10:04 IST
UP News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया जहां सुहेलवेद स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर के साथ मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मारपीट का आरोप यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर के समर्थक पर लगा है।
दरअसल, वीडियो में महेंद्र राजभर को माला पहनाते दिख रहे शख्स का नाम बृजेश राजभर है। बृजेश राजभर ने पहले महेंद्र राजभर की तारीफ में भाषण दिया और फिर उन्हें माला पहनाई। इसके तुरंत बाद भरी सभा में उनपर थप्पड़ों की बरसात कर दी। यह पूरा मामला मंगलवार का है। जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा आशापुर गांव में एक स्वागत समारोह के दौरान ये घटना हुई, जिसके बाद कार्यक्रम में हलचल मच गई।
करीबी महेंद्र के साथ हुई घटना पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव का बयान आया है। उन्होंने महेंद्र राजभर को भरी सभा में जड़े थप्पड़ को बीजेपी के राज में ‘पीडीए समाज’ पर बढ़ रहे अपमानजनक व्यवहार और अत्याचार का उदाहरण बताया।
अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा, 'वयोवृद्ध और वरिष्ठ नेता श्री महेंद्र राजभर जी पर हुआ हिंसक हमला भाजपा के राज में ‘पीडीए समाज’ पर लगातार बढ़ते जा रहे अपमानजनक व्यवहार और अत्याचार का एक और निंदनीय उदाहरण है। भाजपा अगर सोचती है कि वो किसी समाज को अंदर से तोड़कर अपनी विभाजनकारी राजनीति को बनाए रखेगी तो ये उसकी गलतफहमी है।'
उन्होंने आगे गिरफ्तारी की मांग उठाते हुए कहा, 'अगर इस हमले में भाजपा की नजरअंदाजी शामिल नहीं है तो इस हमलावर को तत्काल गिरफ्तार कर उसके किए की सजा दी जाए। हिंसा हताशा का ही एक रूप होता है। भाजपा याद रखे ऐसे कृत्यों से पीडीए का मनोबल टूटेगा नही बल्कि और भी शक्तिशाली होगा। जय संविधान, जय पीडीए!'
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महेंद्र राजभर ने जलालपुर थाने में बृजेश के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर बृजेश को शह देने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बता दें कि महेंद्र राजभर ओमप्रकाश राजभर की सुभासपा के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। लेकिन 2021 में अलग हो गए थे। इसके बाद सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी बना ली थी। लेकिन 2 मई को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।
पब्लिश्ड 11 June 2025 at 10:00 IST