दिवाली के दिन उजड़ी खुशियां, कानपुर में मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा; 15 दिन के नवजात समेत 3 की मौत

कानपुर में दिवाली के दिन एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Major accident in Kanpur as house roof collapses
कानपुर में मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा | Image: Republic

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिवाली के दिन बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक परिवार की खुशियां उजड़ गई। रविवार (8 नवंबर) को पनकी थाना क्षेत्र में अचानक एक मकान की छत ढह गई। हादसे के वक्त कमरे में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई। मृतकों में 15 दिन की नवजात भी शामिल है। वहीं, इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।

घटना सुबह करीब 7 से 8 बजे के करीब हुई, जब परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि पनकी पड़ाव इलाके में एक घर के दो कमरों की छत भरभराकर गिर गई। इस दौरान नीचे सो रहे लोग बुरी तरह से मलबे में दब गए। उन्हें बचने का मौका नहीं मिला।

दिवाली के दिन घर में छाया मातम

आनन-फानन में लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला गया। इसके बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद दिवाली के दिन परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक समाचार एजेंसी को मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि हादसे के बाद लोगों की पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने राज्य आपदा मोचक बल (SDRF) को बुलाया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

Advertisement

मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल

घायलों को कल्याणपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने विनोदिनी शुक्ला (68), अंशिका शुक्ला (28) और 15 दिन के आरव शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हर्ष शुक्ला (32) को भी मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस छत ढहने के कारणों की जांच में जुट गई है।

यह भी पढ़ें: अयोध्या में सीएम योगी ने मनाई दिवाली, दलित बस्ती में बांटे उपहार; सपा पर साधा निशाना

Advertisement
Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड