UP: लखनऊ में एनकाउंटर, STF की गोली से ढेर हुआ एक लाख का इनामी शार्प शूटर संजय उर्फ संजीव, प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में था मोस्ट वांटेड
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी एसटीएफ ने एक एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
- भारत
- 3 min read

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी एसटीएफ ने एक एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। यह एनकाउंटर इंदिरा कैनाल रोड पर हुआ। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए संजय को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संजय अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव का रहने वाला था और लंबे समय से कई गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, संजय उर्फ संजीव 27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। इस वारदात के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस आयुक्त, लखनऊ ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने क्रॉस फायरिंग में संजय को किया ढेर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 जून 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इंदिरा कैनाल रोड पर पुलिस और शातिर अपराधी संजय उर्फ संजीव के बीच आमना-सामना हो गया। खुद को घिरा देख अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
Advertisement
जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली संजय उर्फ संजीव को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चर्चित बिल्डर हत्याकांड का था मुख्य आरोपी
Advertisement
संजय उर्फ संजीव का नाम हाल ही में तब सबसे ज्यादा चर्चा में आया, जब बीते 27 मई को लखनऊ के पॉश इलाके PGI में दिनदहाड़े चर्चित बिल्डर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात में संजय ही मुख्य शूटर था, जिसने संदीप सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं।
इस हत्याकांड के बाद से ही वह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। एडिशनल एसपी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मारे गए अपराधी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं और इस एनकाउंटर के बाद लखनऊ और आसपास के जिलों के व्यापारियों व बिल्डरों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई और शव के पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
कई जिलों में फैला था आतंक, खान मुबारक गैंग से थे संबंध
संजय उर्फ संजीव एक आदतन और जघन्य अपराधी था। उसने अम्बेडकरनगर के कुख्यात बदमाश दिलीप वर्मा और कुख्यात खान मुबारक गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर हत्या और रंगदारी जैसी कई सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अम्बेडकरनगर के अलावा बस्ती और अयोध्या जनपद में भी उसने हत्या के कई जघन्य अपराध किए थे, जिसके चलते वह क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ था। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।