Shiva Sharma Murder Case: मॉडल श्रद्धा दुबे, ड्राइवर दानिश और बहन रश्मि दुबे को कोर्ट से बड़ा झटका, जमानत अर्जी खारिज; जज ने बताया गंभीर अपराध
लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को अदालत से राहत नहीं मिली। प्रभारी सीजेएम आलोक वर्मा ने तीनों की जमानत अर्जियां खारिज कर दीं।
- भारत
- 3 min read

लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को अदालत से राहत नहीं मिली। प्रभारी सीजेएम आलोक वर्मा ने तीनों की जमानत अर्जियां खारिज कर दीं। आपको बता दें कि शिवा की मौत नौ अक्टूबर को अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई थी।
अदालत ने कहा है कि अपराध गंभीर प्रकृति का है तथा सत्र न्यायालय द्वारा परीक्षणीय है। लिहाजा जमानत का कोई उचित आधार नहीं है। दरअसल, श्रद्धा की ओर से अधिवक्ता ने सीजेएम कोर्ट में जमानत अर्जी डाली थी। इससे पहले कारोबारी शिवा की हत्यारोपी मॉडल श्रद्धा दुबे उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को हजरतगंज पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। तीनों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मंगलवार दोपहर तीनों को नागपुर के बेतलारोड़ी इलाके के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया था।
जेल में श्रद्धा और रश्मि को अलग बैरक में रखा गया
पुलिस तीनों आरोपियों को गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे जिला जेल लेकर पहुंची। जेल के मुख्य द्वार पर उनके नाम दर्ज किए गए। इसके बाद जेल अधिकारियों की मौजूदगी में तीनों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान श्रद्धा ने कुछ आपत्ति जताई, लेकिन जेल अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत तलाशी पूरी कराई। महिला जेलकर्मियों ने श्रद्धा और रश्मि की तलाशी ली।
Advertisement
इसके बाद जेल के डॉक्टरों और फार्मासिस्ट ने तीनों का मेडिकल परीक्षण किया। जेल रिकॉर्ड में उनके व्यक्तिगत और पारिवारिक विवरण के साथ शरीर पर मौजूद पहचान चिह्न भी दर्ज किए गए। दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने के बाद श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि को महिला बैरक के क्वारंटाइन बैरक में अन्य महिला बंदियों से अलग रखा गया। वहीं, चालक तनवीर अली उर्फ दानिश को पुरुष बैरक में भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला
Advertisement
लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट के चौथे तल से संदिग्ध हालात में गिरकर नौ अक्तूबर रात चिकन कारोबारी व कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज कपूथला में रहते थे। शिवा की मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से चलाने, माफिया और कई नामचीन लोगों से धमकी दिलाने का आरोप लगाया था।
शिवा एक साल से मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ लिवइन में रह रहे थे। पीड़ित मां ने श्रद्धा उसकी बहन रश्मि समेत चार के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद श्रद्धा उसकी बहन समेत अन्य आरोपी फरार हो गए थे।