ट्रेन से उतारा, नशीली दवाई वाली कॉफी पिलाई, फिर... UPSC एस्पिरेंट के साथ 3 दिनों तक हैवानियत, दोस्तों के साथ मिलकर परिचित ने किया गैंगरेप

Lucknow Gangrape Case: लखनऊ में UPSC की तैयारी कर रही एक युवती के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिचित युवक ने चारबाग स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर तीन दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।

Follow : Google News Icon  
Lucknow UPSC Student Gangrape Case
Lucknow UPSC Student Gangrape Case | Image: Representational Image

Lucknow News: राजधानी दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रही एक युवती के साथ लखनऊ में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को उसके परिचित युवक ने चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया और फिर अपने दोस्तों के साथ मिलकर तीन दिन तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी युवती को उसी ट्रेन से वापस दिल्ली भेजकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

UPSC एस्पिरेंट है पीड़िता

बता दें, पीड़िता जौनपुर की रहने वाली है और दिल्ली के एक निजी कॉलेज में बीए ऑनर्स की पढ़ाई करने के साथ-साथ UPSC परीक्षा की तैयारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, कॉलेज से छुट्टी मिलने के बाद वह 1 मई को अपने घर जौनपुर गई थी। 15 मई को वह परीक्षा का एडमिट कार्ड लेने के लिए सुहेलदेव एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रही थी। युवती के पिता ने उसे जाफराबाद स्टेशन से ट्रेन में बैठाया था।

चार साल पुराने परिचित पर लगा मुख्य आरोप

ट्रेन में सफर के दौरान युवती ने अपने परिचित शिवम यादव को मैसेज किया। शिवम जौनपुर के जलालपुर का रहने वाला है और दोनों पिछले चार-पांच साल से एक-दूसरे को जानते थे। आरोप है कि शिवम अपने दोस्त शनि यादव के साथ लखनऊ के चारबाग स्टेशन पहुंचा और बार-बार कहकर युवती को ट्रेन से उतार लिया।

उसने भरोसा दिलाया कि वह परिवार वालों से बात कर लेगा और किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। युवती आरोपियों के झांसे में आ गई और उनके साथ चली गई। इसके बाद शिवम उसे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में मेदांता अस्पताल के पास स्थित अपने कमरे में ले गया।

Advertisement

कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर किया दुष्कर्म

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि कमरे पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने खाना मंगाया। खाना खाने के बाद शिवम ने उसे कॉफी दी। कॉफी पीने के कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह अर्धबेहोशी की हालत में पहुंच गई। इसी दौरान शिवम ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने धमकाया और कई बार दुष्कर्म किया।

अगले दिन आरोपी का दोस्त शनि यादव कमरे पर पहुंचा। आरोप है कि उसने भी युवती के साथ जबरन संबंध बनाए। युवती लगातार विरोध करती रही, लेकिन आरोपी उसे धमकाते रहे। पीड़िता ने बताया कि दर्द होने पर उसे दवा भी दी गई, लेकिन उसने दवा खाने से इनकार कर दिया।

Advertisement

तीन दिन तक कमरे में बंधक बनाकर रखा

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसे कमरे में कैद करके रखा था। जब भी आरोपी बाहर जाते, कमरे को बाहर से बंद कर देते ताकि वह भाग न सके। तीसरे दिन एक और युवक कमरे पर आया, जिसे पीड़िता नहीं पहचानती। आरोप है कि इसके बाद तीनों युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

युवती डर और सदमे में थी। लगातार तीन दिन तक आरोपियों ने उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया। बाद में आरोपियों ने चारबाग स्टेशन के लिए कैब बुक की और युवती को सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाकर दिल्ली भेज दिया।

रेलवे हेल्पलाइन से मिली मदद

दिल्ली लौटते समय डरी-सहमी युवती ने किसी तरह अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर मदद मांगी। सूचना मिलने पर GRP की टीम ट्रेन तक पहुंची और युवती से बातचीत की। बाद में उसे दिल्ली के आनंद विहार थाने ले जाया गया, जहां परिवार के पहुंचने के बाद पीड़िता के बयान दर्ज किए गए। मामले में आनंद विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसे बाद में लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया।

पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं

लखनऊ पुलिस के मुताबिक, मामला सुशांत गोल्फ सिटी इलाके से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की हैं और अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़िता और मुख्य आरोपी का परिवार एक-दूसरे को पहले से जानता था और दोनों परिवारों के बीच रिश्तेदारी भी थी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  NEET Re-Exam: केजरीवाल ने सभी CMs से की खास अपील, छात्रों को फ्री बस यात्रा देने की मांग; बिहार-हरियाणा के लिए कही ये बात

Published By:
 Shashank Kumar
पब्लिश्ड