UP: आदर्श हत्याकांड में खुलासे ने पलट दी पूरी कहानी, पांच नामजद निकले बेगुनाह; दोस्तों ने ही रची थी खूनी साजिश

उत्तर प्रदेश कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के चखनी खास गांव में एक अगस्त को हुई आदर्श चौहान की हत्या की कहानी जितनी सीधी दिखाई दे रही थी, उसके पीछे की सच्चाई उतनी ही चौंकाने वाली निकली।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
UP: Adarsh Murder Case Takes Dramatic Turn as Five Accused Are Found Innocent; Friends Allegedly Hatched Conspiracy
UP: आदर्श हत्याकांड में खुलासे ने पलट दी पूरी कहानी, पांच नामजद निकले बेगुनाह; दोस्तों ने ही रची थी खूनी साजिश | Image: Republic

उत्तर प्रदेश कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के चखनी खास गांव में एक अगस्त को हुई आदर्श चौहान की हत्या की कहानी जितनी सीधी दिखाई दे रही थी, उसके पीछे की सच्चाई उतनी ही चौंकाने वाली निकली। हत्या के बाद स्वजन की तहरीर पर पांच लोगों को नामजद करते हुए चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने जब मामले की गहराई से पड़ताल शुरू की तो जांच की दिशा ही बदल गई।

सर्विलांस, साइबर सेल और एसओजी की पड़ताल में सामने आया कि जिन पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया था, उनकी घटना में भूमिका नहीं थी। इसके बाद पुलिस की निगाह आदर्श के दोस्तों पर टिक गई और धीरे-धीरे हत्या की पूरी कहानी सामने आती चली गई। जिला मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी केशव कुमार मिश्र ने बताया कि हत्या से कुछ दिन पहले आदर्श चौहान का अपने दोस्त अंगद और चंदन से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि आदर्श ने दोनों की पिटाई कर दी। बताया जाता है कि इसी घटना के बाद अंगद और चंदन के मन में आदर्श के प्रति गहरी नाराजगी पैदा हो गई थी।

रंजिश में रची गई हत्या की साजिश

आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश को लेकर अंगद पासवान, सतीश कुशवाहा, चंदन कुशवाहा और प्रीतम कुशवाहा ने आदर्श को सबक सिखाने की योजना बनाई। योजना कब और कैसे बनी, इसे लेकर पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ की। इसके बाद एक अगस्त की वह शाम आई, जब चखनी खास गांव में आदर्श पर चाकू से हमला कर दिया गया।चाकू लगने से आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और स्वजन ने पांच लोगों को नामजद करते हुए चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

Advertisement

नामजद आरोपितों से शुरू हुई जांच, लेकिन कहानी दूसरी निकली

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद आरोपितों से पूछताछ शुरू की। साथ ही घटनास्थल, मोबाइल गतिविधियों और आपसी संबंधों की कड़ियां जोड़ने का काम शुरू हुआ। सर्विलांस और साइबर सेल से मिले इनपुट को स्थानीय पुलिस की जांच से मिलाया गया। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, शुरुआती आरोपों और घटनाक्रम के बीच अंतर सामने आने लगा। पुलिस को ऐसे तथ्य मिले, जिनसे पांच नामजद लोगों की हत्या में भूमिका पर सवाल खड़े हुए।

Advertisement

इसके बाद जांच की दिशा बदलते हुए आदर्श के दोस्तों और उनके बीच हुए पुराने विवाद को केंद्र में रखा गया।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों से हत्या की साजिश में अंगद, सतीश, चंदन और प्रीतम की भूमिका सामने आई। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया है।

आलाकत्ल और दो बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू (आलाकत्ल) बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। इनमें हीरो स्प्लेंडर UP57CA3926 और UP57CE4940 शामिल हैं। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, शुरुआती मुकदमे में नामजद किए गए पांच लोगों की भूमिका विवेचना में सामने न आने पर मामले की तस्वीर पूरी तरह बदल गई।

(कुशीनगर से पीके विश्वकर्मा का रिपोर्ट)

इसे भी पढ़ें- सपा सरकार में बिकते थे पेपर, खेतों पर बैठकर हल करते थे स्‍टूडेंट्स...राजभर ने SP पर साधा निशाना, बोले- परिवारवादी पार्टी ने छीन लिया पिछड़ों का हक‍

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड