कौशांबी विस्फोट मामले में ताबड़तोड़ एक्शन, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ पटाखा फैक्ट्री मालिक का बेटा आदिल; पुलिस ने रखा था 25 हजार का ईनाम
कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट कांड में वांछित चल रहे आरोपी आदिल को मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस ने मोहम्मद आदिल पर 25 हजार का ईनाम रखा था।
- भारत
- 3 min read

कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में यूपी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। अब घटना के मुख्य आरोपी नौशाद के बेटे 25 हजार के इनामी आरोपी मोहम्मद आदिल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
विस्फोट कांड में वांछित चल रहे आरोपी आदिल को पिपरी थाना क्षेत्र में हुए मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी कौशांबी द्वारा गठित टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान 2/3 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी आदिल कमालपुर से बरेठी वाली नहर पुलिया की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
मुख्य आरोपी नौशाद का बेटा आदिल गिरफ्तार
पुलिस को देखकर आरोपी ने मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास किया, लेकिन फिसलकर गिर गया। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
आरोपी के पास बरामद हुआ हथियार
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस 315 बोर, करीब 700 रुपये नकद और एक बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी आदिल ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक लाभ के लिए अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री बनाने और उसका भंडारण करता था। इसके लिए महमूदपुर मनौरी पावर हाउस के पास बने गोदाम का इस्तेमाल किया जाता था।
Advertisement
नौशाद भी मुठभेड़ के बाद हुआ था गिरफ्तार
इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी नौशाद भी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। चरवा थाना क्षेत्र के तेरह मील गांव के पास मंगलवार तड़के पुलिस और आरोपी नौशाद के बीच मुठभेड़ हुई थी। आरीप के चरवा थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तेरह मील गांव के पास घेराबंदी की। हाइवे पर पुलिस को देखते हुए आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी। पुलिस ने बताया कि वह शहर छोड़कर भागने के प्रयास में था, मगर उस पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।
विस्फोट में अब तक 14 की मौत
गौरतलब है कि 31 अगस्त 2026 को इसी गोदाम में रखे पटाखे और बारूद में भीषण विस्फोट हुआ था। हादसे में अब तक 14 लोगों की जान चली गई और आसपास के मकान भी क्षतिग्रस्त हुए थे। मामले में थाना पिपरी पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।