कानपुर के इरफान का थाईलैंड में लव, शादी और धोखा! ऐंठे 60 लाख, मांगने पर धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव, भारत आई विदेशी महिला ने मांगा इंसाफ- VIDEO
पीडि़ता ने पुलिस को लव, शादी, सेक्स और धोखे की पूरी कहानी सुनाई। उसने बताया कि भारत के रहने वाले मोहम्मद इरफान के साथ उसका संबंध था, उसका यहां व्यवसाय है और हमारे बीच लगभग चार साल से संबंध थे।
- भारत
- 3 min read

कानपुर से गौरव त्रिवेदी की रिपोर्ट
यूपी के कानपुर में एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इसमें झूठा प्यार, झूठी शादी और फिर लाखों की ठगी के बाद धर्मपरिवर्तन का दबाव डालना शामिल है। आरोप लगा है कर्नलगंज के रहने वाले इरफान पर। जानकारी के मुताबिक थाईलैंड की महिला ने एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह से शिकायत की है। उसने बताया कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।
उसने पहचान बदलकर उससे दोस्ती की। पीडि़ता ने बताया कि दोनों की मुलाकात थाइलैंड में हुई थी। इस बीच दोनों में बात शुरू हो गई। इरफान बीच में में थाईलैंड उससे मिलने भी आता था। इस बीच इरफान ने उसे प्रपोज किया और दो साल पहले दोनों ने थाईलैंड में ही शादी कर ली।
बिजनेस और भारत बुलाने के नाम पर ऐंठे 60 लाख रुपए
पीडि़ता ने बताया कि शादी करने के बाद इरफान भारत आ गया। इसके बाद व्यापार के सिलसिले में कई बार में करीब 60 लाख रुपए की ठगी की। आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर युवक ने धर्म परिवर्तन कर साथ रहने का दबाव बनाया। जिसके बाद पीड़िता उसके घर पहुंची तो उसे आरोपी युवक के शादीशुदा होने की जानकारी मिली। तब उसने पुलिस से मामले की शिकायत की। पीड़िता ने एडीसीपी को शादी की तस्वीरें समेत तमाम दस्तावेज सौंपे हैं।
Advertisement
विस्तार से जानिए पूरा मामला
पीडि़ता ने पुलिस को लव, शादी, सेक्स और धोखे की पूरी कहानी सुनाई। उसने बताया कि भारत के रहने वाले मोहम्मद इरफान के साथ उसका संबंध था, उसका यहां व्यवसाय है और हमारे बीच लगभग चार साल से संबंध थे। दो साल पहले हम दोनों ने थाई रीती-रिवाज से शादी कर ली। मेरे पास तस्वीरें हैं, मैं दिखा दूंगी। उसके बाद उसने मुझसे व्यवसाय के लिए 20 लाख रुपए पैसे मांगे, यह एक बार में नहीं, बल्कि कई बार में था। कुल मिलाकर लगभग 60 लाख रुपए थे।
Advertisement
पीडि़ता ने बताया कि जब मैंने उससे पैसे मांगे तो उसने मुझसे कहा कि मुझे अपना धर्म बदलना होगा और यहां भारत में उसके साथ रहने आना होगा। उसने बताया कि कुछ दिनों बाद उसने हर जगह से ब्लॉक कर दिया जिसके बाद मैं उसके घर आ गई। घर आने के बाद मुझे मालूम हुआ कि उसकी शादी को 14 साल हो चुके हैं और उसके तीन बच्चे हैं। पीडि़ता ने बताया कि मैं अपने पैसे वापस चाहती हूं। मैं चाहती हूं कि भारत सरकार इस मामले में मेरी मदद करे।
पुलिस ने क्या कहा
एडीसीपी शिवा सिंह ने कहा, "आज दिनांक 6 अक्टूबर 2026 को एक थाईलैंड की सिटीजन हमारे ऑफिस में आई हैं। अपने साथ हुई एक घटना के बारे में बताया है कि एक कानपुर का व्यक्ति जिसका नाम इरफान है, उसके द्वारा इनसे झूठे तथ्य बताकर पहले शादी की, जिससे इंस्टाग्राम पर इनकी बातचीत शुरु हुई थी और इनसे लगभग 60 लाख रुपए भी लिए हैं। इस संबंध में इन्होंने हमें अपनी सारी चीजें बताई हैं, अब हम इनसे एक एप्लीकेशन ले रहे हैं और हमने अपनी जांच इसमें शुरू भी कर दी है और आगे इसमें विधिक कार्रवाई हम अमल में ले रहे हैं।"
पुलिस ने धोखाधड़ी, प्रताड़ना और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी और उसके परिवार से जुड़े दावों की सत्यता और वित्तीय लेन-देन के सबूतों को खंगाल रही है।