UP: अपराधियों पर काल बनकर टूटी कानपुर पुलिस, ताबड़तोड़ हाफ एनकाउंटर कर चार बदमाशों को किया गिरफ्तार; महिला से लूट करने वाले गैंग का खुलासा
उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। अब क्रिमिनल अपराध करने की सोचता है तो पहले ही उसे अपना काल दिख जाता है।
- भारत
- 4 min read
गौरव त्रिवेदी की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। अब क्रिमिनल अपराध करने की सोचता है तो पहले ही उसे अपना काल दिख जाता है। क्राइम करने वाले अपराधियों को योगी सरकार की पुलिस पाताल से भी ढूंढ़ निकालती है। ऐसे में कानपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते ताबड़तोड़ दो एनकाउंटर कर चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पहला एनकाउंटर टेप्को मिल परिसर में हुआ जहां पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए। जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक 28 और 29 जून की दरमियानी रात ग्वालटोली थाना क्षेत्र में अरविंद पासवान को अवैध असलहे से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।
क्रॉस फायरिंग के बाद पुलिस ने मारी पैर में गोली
घटना के बाद ग्वालटोली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थाना ग्वालटोली, कर्नलगंज पुलिस और सेंट्रल जोन स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान शुरू किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने टेप्को मिल परिसर में घेराबंदी की, जहां तीनों आरोपी छिपे हुए थे। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
Advertisement
जवाबी कार्रवाई में हरि सिंह उर्फ शुभम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं अनुराग खुराना उर्फ शैबी को मौके से दबोच लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी ऋषभ उर्फ मांगू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर अरविंद पासवान पर फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल किया था। मौके से एक अवैध असलहा, घटना और मुठभेड़ से जुड़े खोखा कारतूस समेत अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी ऋषभ उर्फ मांगू की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Advertisement
महिला से लूट करने वाले अंर्तजनपदीय गैंग के दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
दूसरा एनकाउंटर कानपुर के थाना गुजैनी क्षेत्र में हुआ है। यहां महिला से लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। फतेहपुर रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय लुटेरा गैंग के दो शातिर बदमाशों को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 21 जून की शाम गुजैनी क्षेत्र में एक महिला काम से घर लौट रही थी। रास्ते में दो बदमाशों ने उसे रोककर मंगलसूत्र और सोने की चेन लूट ली। इसके बाद आरोपियों ने महिला को धमकाकर उसके घर से अन्य जेवर भी मंगवा लिए और लाखों के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए एडीसीपी ऑपरेशंस और एसीपी नौबस्ता के नेतृत्व में तीन विशेष टीमें गठित की थीं।
अकरम और जावेद को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने फतेहपुर रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल होकर गिर पड़े।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम और जावेद अख्तर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नौबस्ता के गढ़ी मछरिया क्षेत्र में रह रहे थे। मौके से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अंतरजनपदीय लुटेरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनका आपराधिक रिकॉर्ड कानपुर, हमीरपुर, जालौन और कासगंज जिलों में भी मिला है।